Sunday, March 29, 2026
Homeमंड्रेला"जल जीवन मिशन घोटाले में किसी को छोड़ना मत…", मंड्रेला में 1100...

“जल जीवन मिशन घोटाले में किसी को छोड़ना मत…”, मंड्रेला में 1100 करोड़ के प्रोजेक्ट के शिलान्यास पर गरजे CM भजनलाल और केंद्रीय मंत्री, 4 लाख नौकरियों का भी ऐलान

मंड्रेला (झुंझुनूं): शेखावाटी की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में शनिवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने मंड्रेला में करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत वाली कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम जहां क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आया, वहीं यह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखे हमलों का मंच भी बन गया। दोनों नेताओं ने जल जीवन मिशन घोटाले को लेकर कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।

केंद्रीय मंत्री पाटिल बोले- “JJM घोटाले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा”


केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “जल-जीवन मिशन में बहुत गड़बड़ियां हुई हैं। मोदी साहब ने हमें कहा है- किसी को छोड़ना मत। एक को भी बख्शा नहीं गया है। कई अधिकारी और एक पूर्व मंत्री भी जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार करने पर जेल में हैं। कई अधिकारियों को निलंबित किया गया है और कई कॉन्ट्रैक्टरों को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी के हर घर पानी पहुंचाने के अधिकार को छीनने की कोशिश करने वाला कोई भी व्यक्ति जेल जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

CM भजनलाल का कांग्रेस पर हमला- “तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के अलावा कोई काम नहीं किया। सीएम ने आरोप लगाया, “कांग्रेस ने तो ठेकेदारों को फायदा देने के लिए पाइप ही बदलवा दिए। नकली पाइप लाकर डाल दिए, अब उन पर मुकदमा हो रहा है, जेल हो रही है। गहलोत साहब को दर्द हो रहा है। देखते जाइए, आप जो चाहते हैं उसे हम पूरा करके दिखाएंगे।” सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने डेढ़ साल में पेयजल परियोजनाओं पर लगभग 13 हजार करोड़ रुपए खर्च किए हैं, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ साढ़े 4 हजार करोड़ खर्च किए थे।

युवाओं के लिए 4 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंच से युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा, “मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि पढ़िए, तैयारी करिए, हम 5 साल में 4 लाख सरकारी नौकरी देंगे और 6 लाख प्राइवेट सेक्टर में देंगे। हमारी सरकार यह काम करेगी।”

शेखावाटी के लिए यमुना जल का वादा, दिसंबर से शुरू होगा काम

सीएम ने यमुना जल समझौते को लेकर भी कांग्रेस को घेरा और कहा कि चुनाव के समय पत्थर लगाकर चले गए लेकिन 1 प्रतिशत भी काम नहीं किया। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब यमुना जल के लिए MoU हो चुका है, DPR बन गई है और जल्द ही इसका भी शिलान्यास होगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने घोषणा की कि यमुना नहर का काम इसी साल दिसंबर से शुरू हो जाएगा।

ये नेता रहे कार्यक्रम में मौजूद

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में PHED मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक राजेन्द्र भांबू, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी और सुभाष पूनिया, पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, राजेश दहिया, पवन मावंडीया, कैलाश मेघवाल, हर्षिनी कुलहरी और जेपी चंदेलिया सहित कई नेता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!