चिड़ावा: रीको इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हुई बारिश ने F-6 से F-27 तक फैक्ट्रियों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को जलमग्न कर दिया है। इस मुख्य मार्ग के बंद होने से वाहनों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क 28 फैक्ट्रियों को जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता है, जिससे अब यातायात पूरी तरह प्रभावित है।
नई बनी बाईपास रोड भी टूटी, 5 महीने में खराब हुआ निर्माण कार्य
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब पांच महीने पहले चिड़ावा से सिंघाना तक अंडरपास के पास बाईपास रोड बनाई गई थी। लेकिन यह सड़क रीको रोड से ऊंची बना दी गई, जिसके कारण बरसाती पानी का निकास बंद हो गया। अब यही पानी रीको फैक्टरी रोड में भर गया और नई बनी बाईपास सड़क भी टूट चुकी है।
जलभराव से संक्रमण और बीमारियों का खतरा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी कई दिनों से जमा हुआ है जिससे मच्छर और बदबू बढ़ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
विरोध में उतरे फैक्ट्री कर्मचारी और स्थानीय लोग
पितराम गोयल, मोहित जांगिड़, संतोष कुमार सैनी, अमर सिंह, जीतू गोयल और पवन सैनी समेत रीको क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने विरोध दर्ज कराया है। सभी ने बताया कि रीको अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पानी की निकासी की मांग की है।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठ रहे सवाल
स्थानीय उद्योगपतियों का कहना है कि रीको विभाग की अनदेखी से उद्योगों को भारी नुकसान हो रहा है। कच्चा माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही ठप पड़ गई है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ रहा है। उद्योग क्षेत्र में ऐसी स्थिति ने रीको प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





