सूरजगढ़: कस्बे में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। वार्ड नंबर 20 निवासी मनोज वर्मा अपनी पत्नी पूनम और डेढ़ वर्षीय बेटे प्रियांशु के साथ निजी कार्य से निकले थे। सुबह करीब 8:45 बजे कुम्हारों का बास के पास अचानक बाइक स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में पत्नी पूनम और मासूम बेटा प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मनोज सुरक्षित बच निकले।
घटना की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति के कार्यकर्ता अशोक जांगिड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तुरंत सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पूनम की हालत गंभीर देखते हुए झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रैफर किया। वहीं छोटे प्रियांशु को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गंभीर घायल पूनम का फिलहाल बीडीके अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने समिति और डॉक्टरों का आभार जताया, जिन्होंने समय पर मदद पहुंचाकर मां-बेटे की जान बचाई।





