चिड़ावा: स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सोमानी एजुकेशन ट्रस्ट के चिड़ावा कॉलेज में 20 सितंबर 2025 को वेस्ट टू वर्थ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में छात्रों ने कचरे के पुनर्चक्रण और उचित प्रबंधन पर आधारित रचनात्मक प्रदर्शनी प्रस्तुत की। कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया बल्कि सतत विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं को भी उजागर किया।
इस प्रतियोगिता में एम.कॉम फाइनल की छात्राओं अन्नू और मनीषा ने पहला स्थान प्राप्त किया। बीएससी द्वितीय वर्ष की निधि अरडावतिया और मोनिका को दूसरा स्थान मिला। वहीं कोमल, हिना, खुश, सलोनी, हेमंत, विवेक और वैदिक के दलों को संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चुना गया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन कुलदीप भगत, दिनेश चौधरी और अंकिता ने किया। कार्यक्रम के संचालन में NSS प्रभारी अभिषेक सैनी, इतिका जांगिड़ और स्काउट गाइड प्रभारी नवनीत शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य ऋचा कुलश्रेष्ठ ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि युवाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने बताया कि वेस्ट मैनेजमेंट से रोजगार सृजन और सतत विकास की दिशा में भी नई संभावनाएं खुलती हैं।






