झुंझुनूं: जिले की 69वीं जिला स्तरीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का समापन 17 सितंबर 2025 को चनाना पब्लिक स्कूल में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भांभू थे। अध्यक्षता लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक उदयपुरवाटी शुभकरण चौधरी ने की।
17 वर्षीय वर्ग में बड़ागांव की टीम बनी विजेता
प्रतियोगिता में 17 वर्षीय छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में सेठ शिवदत्त राय स्कूल बड़ागांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपली को हराया। इस जीत के साथ बड़ागांव ने जिला विजेता का खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढाका मांडी रही।
19 वर्षीय वर्ग में चनाना की बेटियों का दबदबा
19 वर्षीय छात्रा वर्ग में चनाना पब्लिक स्कूल की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जे.के. मोदी बालिका विद्यालय झुंझुनूं को पराजित किया और जिला विजेता बनी। तीसरे स्थान पर सरस्वती विद्यालय बलवंतपुरा की टीम रही। विजेता टीमों की छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से सभी का दिल जीत लिया।
खेलों से मिलता है अनुशासन और आत्मविश्वास
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य मनजीत सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और निदेशक राजकुमार मूंड ने सभी का आभार जताया। अपने संबोधन में विधायक राजेंद्र भांभू ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियां बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए जरूरी हैं। शुभकरण चौधरी ने कहा कि खेलों से अनुशासन, धैर्य और दृढ़ता की भावना विकसित होती है और खिलाड़ी देश व माता-पिता का नाम रोशन करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा नेता और राष्ट्रीय परिषद सदस्य विशंभर पूनिया, संस्था सचिव चुन्नीलाल मूंड, पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह महला, डॉ. जयपाल लांबा, पूर्व प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह भांभू, प्रधानाचार्या पुष्पा ढाका, पातुसरी से मुकेश ठेकेदार, कैप्टन रोहिताश्व सिंह, किठाना से हरेंद्र धनखड़, भुकाना से रणवीर डूडी, मंडल अध्यक्ष राजकुमार जांगिड़, अरविंद भालोठिया, प्रधानाचार्य महिपाल महला, शिक्षक नेता उमेद सिंह डूडी, चिड़ासन से धर्मवीर पायल, प्रतियोगिता संयोजक अनीता कादयान और पर्यवेक्षक सुशीला मूंड सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





