झुंझुनू: शेखावाटी दिव्यांगजन सेवा समिति की मासिक बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक फॉर्म भरवाए गए। इस बैठक में बड़ा बदलाव उस समय देखने को मिला जब जोगेंद्र शर्मा ने अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया और समिति ने सर्वसम्मति से हरनारायण मान को नया अध्यक्ष चुन लिया।
बैठक में संगठन की कार्यकारिणी को और मजबूत बनाने के लिए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। सुशील कुमार शास्त्री को पिलानी ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, वहीं जगदीश को उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। जोगेंद्र शर्मा ने हालांकि अध्यक्ष पद छोड़ा, लेकिन संचालक के रूप में संस्था के साथ जुड़े रहने का निर्णय लिया।
बैठक में मौजूद दिव्यांग जनों की कई समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जरूरतमंदों के लिए ट्राई साइकिल, बस पास और खाद्य सामग्री के किट के लिए फॉर्म भरवाए गए। साथ ही, एक स्टिक और एक बैसाखी भी उपलब्ध करवाई गई। समिति ने सभी दिव्यांग जनों को भरोसा दिलाया कि संस्था हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
मीडिया प्रभारी परमानंद रेगर ने जानकारी दी कि बैठक में संस्था को और अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर हरनारायण मान, गंगाधर वर्मा, संदीप, बाबूलाल, सुशील, पूनम, कपिल, सुनील सैनी, रेखा कवर, अशोक कुमार और पवन सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।





