चिड़ावा: इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां श्रीधर यूनिवर्सिटी के पास एक गौवंश को जेली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल गौवंश तड़पते हुए इधर-उधर भाग रहा था। सूचना मिलते ही पिलानी पुलिस और गौरक्षक मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों की मदद से उसका उपचार कराया। इस घटना ने गौरक्षकों में गुस्सा और आक्रोश भर दिया है।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि श्रीधर यूनिवर्सिटी के पास एक गौवंश जेली की चोट से घायल होकर भाग रहा था। खेती में इस्तेमाल होने वाली लोहे की जेली उसके शरीर में घुस गई थी और बाहर लटक रही थी। इससे गौवंश काफी दर्द में था और हालात बेकाबू होते जा रहे थे।
सूचना मिलते ही पिलानी सीआई रणजीत सिंह सेवदा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, गौरक्षक अजीत मुरादपुरिया बिल्लू, सैंटी बन्ना, अजय नायक, अर्जुन नायक, संजय कुमार, रोहित, प्रदीप कुमार, विशाल, हिमांशु, अंकित, अभिषेक और अनूप भाटी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने मिलकर गौवंश को काबू में किया और डॉक्टर अनुराज सिंह व डॉक्टर संदीप कुमार नरहड़ ने उसका उपचार कर जेली को बाहर निकाला।
गौरक्षक अजीत मुरादपुरिया बिल्लू ने बताया कि इस तरह का घिनौना कृत्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उनका कहना था कि यह केवल गौवंश पर हमला नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं पर प्रहार है।
गांव के लोगों और गौरक्षकों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





