झुंझुनूं, 6 अगस्त: झुंझुनूं जिले की बबाई थाना पुलिस ने एक बार फिर आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसते हुए फणिया गैंग के सक्रिय सदस्य और हिस्ट्रीशीटर अशोक मीणा को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी खेतड़ी जुल्फीकार अली की निगरानी में की गई।
पुलिस थाना बबाई के थानाधिकारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इस टीम में हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल राकेश कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अशोक कुमार मीणा, जो बाढ़ की ढाणी तन दलेलपुरा, थाना बबाई जिला झुंझुनूं का निवासी है, उसके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अशोक मीणा लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और थाना बबाई का हिस्ट्रीशीटर घोषित है।
अशोक पर शांतिभंग करने की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी जिले में सक्रिय आपराधिक गैंगों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। झुंझुनूं पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उनका नेटवर्क कितना भी फैल चुका हो।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि फणिया गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा सके।