झुंझुनूं में हादसे के बाद टैक्सी चालक ने निभाई मानवता: घायलों को पहुंचाया अस्पताल, कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत ने किया सम्मानित

झुंझुनूं: जिले में 2 जून 2025 को एक मानवीय संवेदना का उदाहरण सामने आया था। हंसासर निवासी अंकित बाबल अपनी माता के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर झुंझुनूं की ओर जा रहे थे। जब वे पीरूसिंह सर्किल के पास पहुंचे, तो उनकी बाईक एक क्रेन से टकरा गई। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद झुंझुनूं रीको क्षेत्र निवासी टैक्सी चालक अजय कुमार ने अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए दोनों घायलों को अपनी टैक्सी से राजकीय अस्पताल पहुंचाया। अजय कुमार की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।

इस सराहनीय कृत्य के लिए झुंझुनूं के कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत ने अजय कुमार को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, घायलों के परिजनों की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत सीताराम बाबल ने अजय कुमार को धन्यवाद स्वरूप 2100 रुपए की राशि प्रदान की और आभार जताया।

झुंझुनूं पुलिस प्रशासन ने अजय कुमार के इस मानवीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नजदीकी थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 या 112 पर तुरंत सूचना दें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। ऐसे सतर्क और जागरूक नागरिक समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, जिनकी भूमिका प्रशंसनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!