मंदसौर, मध्य प्रदेश: रविवार दोपहर मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कचरिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए एक गहरे कुएं में जा गिरी। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। जिला प्रशासन और पुलिस बल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

Advertisement's
Advertisement’s

हादसे का विवरण

मंदसौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि वैन में कुल 14 लोग सवार थे। वैन ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार की भी मौके पर मौत हो गई। वैन के कुएं में गिरने के बाद, 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 12 लोगों की जान चली गई। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति मनोहर ने बहादुरी दिखाते हुए 4 लोगों को कुएं से बचाया, लेकिन दुर्भाग्यवश पानी में डूबने से उसकी भी मृत्यु हो गई।

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार वैन के चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिससे वैन सीधे कुएं में गिर गई। देवड़ा ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस भी पाई गई है, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा,
“मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में गहरे कुएं में कार गिरने से बारह लोगों की असामयिक मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। स्थानीय प्रशासन ने तत्परता से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है।”

Advertisement's
Advertisement’s

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

जांच और कानूनी कार्रवाई

एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि हादसे की गहन जांच की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और वैन के तकनीकी दोषों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!