खेतड़ी रोड पर हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
चिड़ावा, 1 मार्च 2025: खेतड़ी रोड स्थित एपीएस स्कूल के पास शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से रामसिंह जांगिड़ (45) पुत्र फूलचंद की मौत हो गई, जबकि शिवरतन शर्मा पुत्र बृजलाल शर्मा, निवासी खातियों की ढाणी, अडूका गंभीर रूप से घायल हो गया।

रात सवा आठ बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामसिंह और शिवरतन किसी काम से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8:12 बजे एक अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर रामसिंह को मृत घोषित किया गया
घटना के बाद रामसिंह को चिड़ावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर संदीप जांगिड़ और डॉक्टर मनोज जानू ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामसिंह 20 दिन पहले ही मस्कट से लौटा था और दो दिन बाद वापस जाने वाला था। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं।
हादसे की सूचना पर चिड़ावा थाना से एएसआई ताराचंद पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जिसमें एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर गाड़ी टक्कर मारते हुए नजर आ रही है।
शिवरतन का इलाज जारी, पैर में फ्रैक्चर
शिवरतन को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और उपचार शुरू किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
मृतक रामसिंह के परिजन शनिवार सुबह थाने पहुंचे और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। शव को मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।