झुंझुनूं जिले के घुमनसर खुर्द में राजकीय पशु चिकित्सालय बुडानिया द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत एक जन-जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पशुपालकों को सरकार की फ्लैगशिप योजना की जानकारी दी गई, जिससे वे अपने पशुधन का बीमा करवाकर आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकें

योजना के लाभ और पात्रता की दी गई विस्तृत जानकारी

शिविर प्रभारी विकास काला ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत गाय, भैंस, भेड़, बकरी और ऊंट जैसे पशुओं का निःशुल्क बीमा किया जा रहा है। इसके तहत गोपाल क्रेडिट कार्ड धारकों, लखपति दीदी योजना के लाभार्थियों और लॉटरी द्वारा चयनित जन आधार कार्ड धारकों के अधिकतम दो दुधारू पशुओं (गाय/भैंस), दस भेड़ों, दस बकरियों या एक ऊँट का बीमा किया जाएगा।

योजना के तहत पशुओं की आकस्मिक मृत्यु पर पशुपालकों को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय को जारी रखने में मदद मिलेगी

दस्तावेजों की जांच और पशुओं का पंजीकरण

शिविर में पशुपालकों को पंजीकरण प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी दी गई। पंजीकरण के लिए जन आधार कार्ड, आवेदक और पशु की तस्वीर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, गोपाल कार्ड या लखपति दीदी कार्ड, और पशु के टैग नंबर की आवश्यकता होती है।

इस शिविर में 65 पशुओं का बीमा पंजीकरण किया गया, जबकि 38 पशुपालकों को योजना का लाभ मिला

टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस शिविर को सफल बनाने में पशुधन सहायक विनोद कुमार पुनिया, जितेंद्र सिंह, कुलदीप बारठ और कुलदीप सहारण ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पशुपालकों में उत्साह, भविष्य में और शिविर आयोजित होंगे

शिविर के दौरान पशुपालकों ने इस योजना को लेकर गहरी रुचि दिखाई। कई लोगों ने इसे पशुधन की सुरक्षा और अपनी आर्थिक स्थिरता के लिए एक प्रभावी पहल बताया। आयोजकों ने जानकारी दी कि आने वाले समय में अन्य गांवों में भी इसी तरह के जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इस योजना का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!