नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को नई दिल्ली विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने परिवार सहित वाल्मीकि मंदिर और प्राचीन हनुमान मंदिर में आशीर्वाद लिया। इसके बाद पार्टी मुख्यालय से पदयात्रा करते हुए उन्होंने नामांकन भरा। इस पदयात्रा में दिल्ली की महिलाओं ने “फिर लाएंगे केजरीवाल” गीत पर नृत्य किया। नामांकन के दौरान उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटा, बेटी और बहन भी साथ रहीं।
हलफनामे में केजरीवाल की संपत्ति का विवरण
अरविंद केजरीवाल ने अपने हलफनामे में कुल 1.73 करोड़ रुपये की संपत्ति का जिक्र किया है। इसमें 1.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 2.81 लाख रुपये की बैंक बचत शामिल हैं। उनके पास किसी प्रकार के आभूषण नहीं हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 25.92 लाख रुपये के आभूषण हैं। उनके पास खुद के नाम पर कोई कार नहीं है, हालांकि उनकी पत्नी के पास एक बलेनो कार है।
हलफनामे के अनुसार, केजरीवाल के पास गाजियाबाद में एक प्लॉट भी है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन और पूर्व नौकरशाह के तौर पर पेंशन बताया है। केजरीवाल के खिलाफ विभिन्न अदालतों में कुल पांच आपराधिक मामले लंबित हैं।
अरविंद केजरीवाल का संपत्ति विवरण | |
---|---|
कुल संपत्ति | 1.73 करोड़ रुपये |
नकद राशि | 50,000 रुपये |
आभूषण | नहीं |
पत्नी के नाम आभूषण | 25.92 लाख रुपये |
अचल संपत्ति | 1.70 करोड़ रुपये |
घर | 1 |
कार | नहीं |
बचत खाते में राशि | 2.81 लाख रुपये |
आपराधिक मामले | 5 |
प्रवेश वर्मा के पास 91 करोड़ रुपये की संपत्ति
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। हलफनामे के अनुसार, उनके पास कुल 91.62 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 77.89 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। वर्मा के पास तीन कारें (फॉर्च्यूनर, इनोवा और एक्सयूवी-700) और 1.28 करोड़ रुपये की बैंक बचत हैं। उनके पास विभिन्न कंपनियों के स्टॉक्स भी हैं।
हलफनामे में उन्होंने 62 करोड़ रुपये की देनदारी भी दर्शाई है। वर्मा के नाम 8.25 लाख रुपये के आभूषण हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम 45.75 लाख रुपये के आभूषण हैं। उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है।
प्रवेश वर्मा का संपत्ति विवरण | |
कुल संपत्ति | 91.62 करोड़ रुपये |
नकद राशि | 2.20 लाख रुपये |
आभूषण | 8.25 लाख रुपये |
पत्नी के नाम आभूषण | 45.75 लाख रुपये |
अचल संपत्ति | 77.89 करोड़ रुपये |
घर | 3 |
कार | 3 |
बचत खाते में राशि | 1.28 करोड़ रुपये |
आपराधिक मामले | 1 |
नामांकन के बाद केजरीवाल का संबोधन
नामांकन दाखिल करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली की जनता इस बार भी काम की राजनीति को चुनेगी। हमने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली के लिए जो काम किए हैं और आने वाले पांच वर्षों में हमारे विजन को लेकर हम चुनाव में उतरे हैं। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क के मुद्दों पर काम कर रहे हैं। भाजपा के पास न कोई चेहरा है और न कोई विजन। वे केवल हमें गालियां देते हैं, जिससे कोई विकास नहीं होता।”
उन्होंने जनता से अपील की कि वे काम के आधार पर वोट दें। केजरीवाल ने विश्वास जताया कि 2015 और 2020 की तरह इस बार भी दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाएगी। सुनीता केजरीवाल ने कहा, “लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है। दिल्ली की जनता बहुत समझदार है और वह काम और विकास को प्राथमिकता देगी।”