घर के नलों में आ रहा सीवरेज का गन्दा पानी, चिड़ावा के वार्ड नं 20 व 26 के निवासी डेढ़ महीने से हैं परेशान
चिड़ावा, 7 जनवरी 2025: चिड़ावा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नं 20 व 26 के निवासी पिछले डेढ़ महीने से जलदाय विभाग और नगरपालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही और अनदेखी के चलते भारी परेशान हैं। दोनों वार्डों में डेढ़ महीने से घर के नलों में सीवरेज के गन्दे, बदबूदार और दूषित झागवाले पानी की आपूर्ति हो रही है। दोनों वार्डों के निवासी सीवरेज का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। जलदाय विभाग, नगरपालिका व सीवरेज का संचालन करने वाली कम्पनी के जिम्मेदार अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे।
लीकेज है जलदाय विभाग की सप्लाई लाइन
इलाके के लोगों का कहना है कि जलदाय विभाग की सप्लाई लाइन कहीं से लीकेज है, और सीवरेज की लाइन भी लीकेज है। यही वजह है कि जलदाय विभाग द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी सीवरेज के गन्दे पानी के साथ घरों के नलों में आ रहा है। आपको बता दें कि इस तरह का गन्दा पानी पीने से हैजा, मलेरिया सहित अन्य बीमारियां फैल सकती है। हालांकि अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
वार्ड के लोगों ने बताया, अधिकारी नहीं कर रहे सुनवाई
वार्ड नंबर 26 के नरेश शर्मा, निशा शर्मा तथा वार्ड नंबर 20 के रामचन्द्र सैनी, मुन्नी देवी मंड्रेलिया ने बताया कि जलदाय विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों ने समस्या का समाधान करने की बजाय यहां के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। लोगों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से वे अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
इस तरह की समस्याओं के लिए नहीं है कोई कंट्रोल रूम
नगरपालिका क्षेत्र की इस तरह की समस्याओं के समाधान हेतु नगरपालिका और सीवरेज की ठेकाधारी कम्पनी द्वारा किसी तरह के कंट्रोल रूम की व्यवस्था नहीं की गई है। जलदाय विभाग, नगरपालिका और सीवरेज कम्पनी के बीच तालमेल का भी गहरा अभाव है। यही वजह है कि परेशान हाल लोगों को एक से दूसरे विभाग में धक्के खाने पड़ते हैं।
समस्या प्रभावित क्षेत्र में हैं कई महत्वपूर्ण सरकारी विभागों के कार्यालय
मजे की बात ये है कि समस्या से प्रभावित क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। इसके बावजूद त्रस्त जनता को राहत नहीं मिल पा रही। चिड़ावा के एसडीएम ऑफिस, तहसील कार्यालय, एडीजे और एमजेएम कोर्ट, रजिस्ट्रार ऑफिस, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय यहीं पर हैं। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में बाकायदा मोटर चला कर जलदाय विभाग और नगरपालिका की कार्यशैली के प्रति अधिकारियों ने नाराज़गी ज़ाहिर की।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि 1 माह से भी अधिक समय से कार्यालय की टंकियों में ये पानी नहीं चढ़ाया जा रहा है। लिहाजा ऑफिस में कार्यरत और यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने दी आन्दोलन की चेतावनी
दूषित जल की आपूर्ति की समस्या से त्रस्त वार्ड के लोगों ने बताया कि यहां से कुछ ही फर्लांग की दूरी पर एसडीएम ऑफिस है, जो कि पूरे उपखण्ड के प्रशासनिक प्रमुख हैं। जब वे कार्यालय के आस-पास की जन समस्याओं का समाधान नहीं करवा सकते, तो समूचे उपखण्ड का क्या हाल होगा यह सहज ही समझा जा सकता है। परेशान लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अगले 24 घंटों में दूषित जलापूर्ति से निजात नहीं दिलाई गई तो उन्हें मजबूरन आन्दोलन की राह पकड़नी होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मीडिया के सक्रिय होने पर जलदाय विभाग हरकत में आया और लीकेज ढूंढने की कार्रवाई शुरु की गई।

