भारत Vs ऑस्ट्रेलिया: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 184 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में कमजोर पड़ गई है। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 की बढ़त बना ली है। अब सीरीज का आखिरी टेस्ट तीन जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।

हार के बीच बुमराह और नीतीश की चमक

इस हार के बावजूद टीम इंडिया के लिए कुछ ऐसे पल रहे जो हमेशा याद किए जाएंगे। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और युवा बल्लेबाज नीतीश कुमार रेड्डी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के ‘होनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज करवाकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि केवल उन खिलाड़ियों को मिलती है जो MCG पर शतक बनाते हैं या पारी में पांच विकेट लेते हैं।

नीतीश कुमार रेड्डी की जुझारू पारी

नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने करियर के चौथे टेस्ट मैच में एक यादगार पारी खेली। पहली पारी में जब भारतीय टीम संकट में थी, तब नीतीश ने 114 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। उनकी इस जुझारू पारी ने भारत को फॉलो-ऑन से बचाया और मैच को पांचवें दिन तक खींचने में मदद की। इस ऐतिहासिक शतक के साथ उनका नाम MCG के होनर्स बोर्ड पर दर्ज हो गया।

बुमराह ने दूसरी बार हासिल की उपलब्धि

जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर अपनी धारदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। यह उनके करियर का एक और शानदार पल है, क्योंकि यह दूसरी बार है जब उनका नाम MCG के होनर्स बोर्ड पर दर्ज हुआ है। बुमराह इससे पहले 2018 में भी MCG पर पारी में पांच विकेट लेकर इस गौरव को हासिल कर चुके हैं।

दिग्गजों की सूची में शामिल हुए नीतीश और बुमराह

MCG के होनर्स बोर्ड पर दर्ज होना हर खिलाड़ी का सपना होता है। इस बोर्ड पर विराट कोहली, वीरेंद्र सहवाग, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और एलेस्टर कुक जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के नाम हैं। अब नीतीश और बुमराह भी इस गौरवशाली सूची का हिस्सा बन गए हैं। बीसीसीआई ने नीतीश की खुशी का एक वीडियो जारी किया, जिसमें वे बोर्ड के सामने खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!