महाराष्ट्र में महायुति सरकार गठन: मुख्यमंत्री के चयन पर मंथन, फैसला जल्द

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को 236 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत मिलने के बाद अब राज्य के नए मुख्यमंत्री का नाम तय करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और राकांपा (अजित पवार गुट) के इस गठबंधन ने मिलकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। अब सबकी निगाहें सोमवार को होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पदों का फैसला हो सकता है।

फडणवीस को सीएम बनाने की पैरवी

भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता चाहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया जाए। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि फडणवीस ने इस चुनाव में पार्टी को 100 से अधिक सीटें दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। भाजपा के कार्यकर्ता और विधायक भी फडणवीस को इस पद पर देखने के पक्षधर हैं।

शिंदे और अजित पवार की दावेदारी

शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रमुख एकनाथ शिंदे और राकांपा (अजित पवार गुट) ने भी मुख्यमंत्री पद पर अपनी दावेदारी जताई है। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि अजित पवार के नेतृत्व में उनकी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है और वे मुख्यमंत्री बनने के लिए उपयुक्त उम्मीदवार हैं। दूसरी ओर, शिंदे गुट के नेताओं का कहना है कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए रखना गठबंधन के लिए फायदेमंद होगा।

फैसले का अधिकार मोदी और शाह के पास

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री पद के चयन में अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लेंगे। यह संभावना जताई जा रही है कि सोमवार को भाजपा और महायुति के नेताओं के बीच होने वाली बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

14वीं विधानसभा का कार्यकाल समाप्ति पर

महाराष्ट्र की 14वीं विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। रविवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को चुनाव आयोग द्वारा नवनिर्वाचित विधायकों की अधिसूचना सौंपी गई। इसके साथ ही महायुति की सरकार बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

दो डिप्टी सीएम की संभावना

सूत्रों के मुताबिक, इस बार भी महाराष्ट्र में एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। हालाँकि, इनके नामों की घोषणा अभी तक नहीं की गई है। गठबंधन में मंत्री पदों का बंटवारा भी जल्द ही किया जाएगा।

तीनों दलों के विधायक दल की बैठकें

भाजपा ने सोमवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है, जिसमें देवेंद्र फडणवीस के नाम पर चर्चा होगी। रविवार को अजित पवार को राकांपा विधायक दल का नेता चुना गया। शिवसेना विधायकों की बैठक भी सोमवार देर रात तक जारी रही, जिसमें एकनाथ शिंदे को विधायक दल का नेता बनाए रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!