विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस की लिस्ट जारी, झुंझुनू से अमित ओला होंगे कांग्रेस प्रत्याशी, सुबह 11 बजे दाखिल करेंगे अपना नामांकन

झुंझुनू, 23 अक्टूबर 2024: राजस्थान में विधानसभा उपचुनाव के लिए आखिरकार कांग्रेस ने अपने सभी 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। झुंझुनू में कांग्रेस ने सांसद बिजेंद्र सिंह ओला के पुत्र अमित ओला को टिकट दिया है। कांग्रेस ने अमित ओला के अलावा उप चुनाव में आर्यन जुबेर (रामगढ़), दीनदयाल बैरवा (दौसा), कस्तूर चंद मीणा (देवली उनियारा), रतन चौधरी (खींवसर), रेशमा मीणा (सलूंबर ST) तथा महेश रोत (चोरासी ST) को उम्मीदवार घोषित किया है।

विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस की लिस्ट जारी, झुंझुनू से अमित ओला होंगे कांग्रेस प्रत्याशी, सुबह 11 बजे दाखिल करेंगे अपना नामांकन

अमित ओला गुरूवार सुबह 11 बजे विधानसभा उप चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। अमित ओला के ट्विटर हैंडल से इसकी सूचना समर्थकों के लिए जारी की गई है, जिसके अनुसार जिला मुख्यालय पर सांसद ओला के माननगर स्थित कार्यालय से सुबह 11 बजे कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अमित ओला के नामांकन की जानकारी दी गई है।

अमित ओला ने ट्विटर पर अपने समर्थकों के लिए संदेश में लिखा है कि “झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव के लिए कल दिनांक 24 अक्टूबर 2024 को मैं जनता के आशीर्वाद से और बड़ी सादगी से अपना नामांकन दाखिल करूँगा।

विश्वास की डोर को मजबूत कर, विकास को आगे बढ़ाना है।”

रात 11:31 बजे किये गए इस ट्वीट को अगले 30 मिनट में ही 6 हजार से अधिक व्यूज मिले हैं। समर्थक ट्वीट के बाद अमित ओला को लगातार इस पर बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!