करवा चौथ 2024: सुहागिन महिलाओं के लिए खास पर्व करवा चौथ रविवार को मनाया जाएगा। यह व्रत कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को होता है। इस दिन महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चंद्रोदय के बाद ही व्रत का पारण करती हैं। करवा चौथ के दिन चंद्रमा की पूजा का विशेष महत्व माना गया है।
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार, इस वर्ष चंद्रोदय का समय रात करीब 8:18 बजे है, जबकि पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 5:50 बजे से लेकर 7:28 बजे तक है। पूजा के लिए यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
करवा चौथ का महत्व
करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए पति की लंबी आयु और दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि चंद्रमा की पूजा से मानसिक शांति और ऊर्जा प्राप्त होती है, साथ ही दांपत्य जीवन में प्रेम और विश्वास का विकास होता है। इस दिन चंद्रमा की पूजा करने से राशि में चंद्रमा बलवान होता है, जिससे जीवन में सौभाग्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है।
पूजा विधि: कैसे करें करवा चौथ की पूजा
करवा चौथ के दिन पूजा विधि का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। ज्योतिषाचार्य अनीता पाराशर ने बताया कि इस दिन एक चौकी पर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। यह प्रतिमाएं शुद्ध कच्ची मिट्टी से बनाई जाती हैं। माता पार्वती को लाल चुनरी, सिंदूर, बिंदी और सुहाग का सामान अर्पित किया जाता है, जबकि भगवान शिव और गणेश जी को चंदन, अक्षत, और पुष्पमाला अर्पित की जाती हैं।
इसके बाद, पूड़ी, लड्डू, मेवा, हलवा आदि का भोग चढ़ाया जाता है। करवा चौथ की कथा सुनी जाती है और फिर आरती की जाती है। पूजा समाप्त होने के बाद घर के बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया जाता है। चंद्रोदय के समय चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है।
राशि अनुसार शृंगार: कैसे बढ़ाएं व्रत का महत्व
ज्योतिषाचार्य पूनम वार्ष्णेय के अनुसार, करवा चौथ पर महिलाएं अपनी राशि के अनुसार विशेष शृंगार कर सकती हैं, जिससे उन्हें अधिक शुभ फलों की प्राप्ति होगी। यहां बताया गया है कि किस राशि की महिलाएं कैसे शृंगार कर सकती हैं:
- मेष और वृश्चिक राशि: इन राशि की महिलाएं लाल रंग के परिधान धारण करें।
- वृष और तुला राशि: गुलाबी और चमकीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ रहेगा।
- मिथुन और कन्या राशि: हरी चूड़ियां, हरी साड़ी और हरे रंग के आभूषण पहनें।
- कर्क राशि: पीली साड़ी, मोती की माला और चांदी के आभूषण धारण करें।
- सिंह राशि: नारंगी रंग की साड़ी पहनें और इसी रंग से शृंगार करें।
- धनु और मीन राशि: पीले रंग के वस्त्र और आभूषण पहनें।
- मकर और कुंभ राशि: आंखों में काजल लगाना शुभ रहेगा।