नरहड़ में धूमधाम से निकाली गई राधा-कृष्ण की शोभायात्रा, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

नरहड़ (पिलानी), 26 अगस्त 2024: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर आज नरहड़ में भगवान राधा-कृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान के जयकारे लगाए।

सर्व हिंदू समाज द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में भगवान राधा-कृष्ण की मनमोहक सजीव झांकी को बग्घी पर सवार कर गांव का भ्रमण करवाया गया। झांकी को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते हुए भगवान की आरती उतारी और भजन कीर्तन किए।

शोभायात्रा ठाकुर जी के मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजारों से होते हुए मेला स्थल और बालाजी मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा कर भगवान की शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा के समापन पर मन्दिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के पिलानी प्रखंड के उपाध्यक्ष बहादुर सिंह ने बताया कि नरहड़ में 21वीं बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया है जो कि सनातन धर्म के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन हमें सत्य, न्याय और धर्म का मार्ग दिखाता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा। लोगों ने अपने घरों में भी मन्दिरों की आकर्षक सजावट की। बच्चों ने भी इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

विडियो देखें…

प्रशासन ने भी शोभायात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!