नरहड़ दरगाह के 3 दिवसीय भादवा मेले का आज हुआ आगाज, जात-जडूलों और मन्नत पूरी होने पर पीर बाबा के दर पर माथा टेकने पहुंच रहे हैं जायरीन

पिलानी, 25 अगस्त 2024: नरहड़ में हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह का 3 दिवसीय भादवा मेले का आज आगाज हो गया है। मेले में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और दरगाह इंतजामिया कमेटी ने किये पुख्ता इंतजाम

दरगाह पर भादवा में आयोजित होने वाले इस मेले के लिए पहले दिन से ही देश भर से जायरीनों की आमदरफ्त शुरु हो चुकी है। श्रद्धालु-जायरीन बाबा की मजार पर मत्था टेककर अमन-ओ-चैन की दुआएं कर रहे हैं। मेले में शामिल होने के लिए राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, आंध्र प्रदेश व महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से भी लाखों की संख्या में जायरीन नरहड़ पहुंचते हैं।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। बाहर से आने वाले जायरीनों के लिए मेला स्थल से कुछ दूर बाईपास पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। दरगाह और मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। प्रशासन द्वारा बिजली, पानी, चिकित्सा, सफाई की भी विशेष व्यवस्था की गई है। दरगाह परिसर में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

भादवा की 7, 8, 9 को भरता है मेला

नरहड़ दरगाह पर हर साल भादवा माह की सप्तमी, अष्टमी और नवमी की तिथियों पर मेला भरता है। मेले में सभी धर्मों के लोग श्रद्धा भाव से पीर बाबा के दरबार में मन्नतें मांगने के लिए पहुंचते हैं। इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में नरहड़ आने वाले हिन्दू श्रद्धालु भी अपने परिवार के नवविवाहित जोड़ों के गठजोड़े की जात दरगाह में लगाते हैं, और छोटे बच्चों व नवजातशिशुओं के जात-जडूले भी यहां उतारते हैं।

रविवार को शुरू हुए मेले में हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालु पेट पलायन और डाक ध्वज लेकर पहुंचते हैं और मन्नत की तांती पीर बाबा की मजार के सामने जाली पर बांधते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं द्वारा मेले में सवामणी और भंडारे का आयोजन किया जाता है। मेले का समापन मंगलवार को होगा।

पहले दिन ये रहे मौजूद

भादवा मेले में प्रशासन और इंतजामिया कमेटी द्वारा सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। उपखण्ड अधिकारी बृजेश कुमार गुप्ता और पुलिस उप अधीक्षक विकास धींधवाल इंतजामात की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दरगाह सेवा फाउंडेशन द्वारा भी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लंगर व पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भंडारों में भी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सहयोग किया जा रहा है।

मेले में पहले दिन दरगाह के वरिष्ठ खादिम हाजी अजीज पठान, चेअरमैन खलील बुडाना, सचिव उस्मान पठान, करीम पीरजी, दरगाह फाउंडेशन निदेशक व खादिम शाहिद-शमीम पठान, रफीक पीरजी, मैनेजर सिराज अली, सहायक मैनेजर कल्लू पीरजी, पियूष चतुर्वेदी, लाभचंद जैन, असलम पठान, सलीम-शहजाद पीर,चाँद-मोसीम पठान, जावेद-परवेज पठान, ग्राम विकास अधिकारी नरेंद्र भास्कर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!