डीडवाना में भीषण सड़क हादसा: खाटूश्यामजी जा रही बस पलटी, दो की मौत, 19 घायल

नागौर, 23 अगस्त 2024: राजस्थान के नागौर जिले के डीडवाना में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। खाटूश्यामजी धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस मारोठ गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत जयपुर रेफर किया गया है।

भेरूजी मंदिर के पास हुआ हादसा

यह हादसा भेरूजी मंदिर के पास हुआ। बस के पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस कई बार पलटियां खाती हुई सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, ग्रामीणों और क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

दो लोगों की मौत

बस के नीचे दबने से बालाखेड़ा निवासी प्रेम देवी (35) और चित्तौड़गढ़ निवासी उमाशंकर कुमावत (35) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

19 लोग घायल

हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें जयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। सभी घायल चित्तौड़गढ़ के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य हैं।

बस के पत्ते टूटने से हुआ हादसा

पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसा बस के पत्ते टूटने के कारण हुआ। बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पलट गई। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!