सूरजगढ़, 3 अगस्त 2024: काजड़ा ग्राम पंचायत में “खुशियों वाली बैठक” कार्यक्रम का सफल आयोजन आज पीरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो नाहिद इमाम और नंदिता घोष द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और इसे एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में स्वीकार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच मंजू तंवर द्वारा की गई। इस दौरान एक ‘भावनाओं का वृक्ष’ और ‘तन्यकता (तनाव) क्षेत्र’ की स्थापना की गई। भावनाओं का वृक्ष पंचायत क्षेत्र की महिलाओं द्वारा स्थापित किया गया, जो उनके भावनात्मक सशक्तिकरण और समुदाय में एकता के संदेश को प्रसारित करता है। यह वृक्ष समुदाय में भावनात्मक जागरूकता को बढ़ाने और भावनात्मक समर्थन के महत्व को दर्शाने के लिए स्थापित किया गया।

“खुशियों का गुल्लक” अभियान

इसके अलावा इस मौके पर “खुशियों का गुल्लक” अभियान का भी शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य किसी भी परिवार में विशेषकर माता-पिता, को बच्चों की भावनात्मक देखभाल और समर्थन के बारे में जागरूक करना है। इस गुल्लक में अभिभावक अपने परिवार के साथ खुशियों के पलों को सेलिब्रेट कर सकते हैं। इस दौरान माता-पिता को यह बताया गया कि बच्चों की भावनाओं को समझने और उनका ख्याल रखने से न केवल उनके मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और समाज में उनकी सहभागिता भी बढ़ती है।

महिलाओं की सक्रिय भागीदारी

महिलाओं ने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। स्थानीय बैंक ऑफ बड़ौदा के कर्मचारीयों ने भी पीरामल फाउंडेशन की इस महत्वपूर्ण पहल में सहभागिता की।

कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य में ऐसे अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन आता है और यह पहल महिला सशक्तिकरण और बाल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!