अनंतनाग, 27 जुलाई 2024: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सिमथान-कोकेरनाग रोड पर एक वाहन के खाई में गिर जाने से उसमें सवार 5 बच्चों सहित 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

हादसे में मारे गए लोगों में 45 वर्षीय इम्तियाज राथर, उनकी पत्नी 40 वर्षीय अफरोजा बेगम और उनके तीन बच्चे 12 वर्षीय अरीबा, 10 वर्षीय अनिया और 6 वर्षीय अबान शामिल थे। इसके अलावा, माजिद अहमद की पत्नी 40 वर्षीय रेशमा और उनके दो बेटे 16 वर्षीय मुसैब और 8 वर्षीय मुशैल भी इस हादसे का शिकार हुए। यह परिवार किश्तवाड़ से होकर आगे बढ़ रहा था, तभी ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में जा गिरा।

सड़क हादसों का लगातार बढ़ता सिलसिला

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से सड़क हादसों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते रविवार को भी दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की जान चली गई थी। राजौरी जिले में एक कैब के खाई में गिर जाने से पिता-पुत्र सहित 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि रियासी जिले में एक महिंद्रा बोलेरो कार के 200 फीट गहरी खाई में गिर जाने से एक परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई थी।

शिमला में भी हुआ भीषण हादसा

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भी मंगलवार को एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी और 3 अन्य घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!