अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला, पेंसिलवेनिया रैली में गोलीबारी

अमेरिका, 14 जुलाई 2024: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पेंसिलवेनिया में आयोजित चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ। रैली के बीच में गोली चलने की घटना ने सबको चौंका दिया। इस हमले में ट्रंप घायल हो गए और उनके चेहरे और कान पर खून के निशान देखे गए।

तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया

गोलीबारी के बाद ट्रंप को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है और वह ठीक हो रहे हैं। सीक्रेट सर्विस ने घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शूटरों को मार गिराया।

ट्रंप का पहला बयान

हमले के बाद, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, “मेरे दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में गोली लगी। कान के ऊपरी हिस्से को छेदते हुए गोली निकल गई। बहुत ज्यादा खून बह रहा था। भगवान अमेरिका को आशीर्वाद दें।” ट्रंप पर इस हमले की खबर से अमेरिका में सनसनी फैल गई है। इस गोलीबारी में रैली में मौजूद एक शख्स की मौत हो गई।

सीक्रेट सर्विस की त्वरित कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, एक शूटर भीड़ में था जबकि दूसरा शूटर किसी बिल्डिंग की छत पर मौजूद था। ट्रंप से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित बिल्डिंग की छत से उसने निशाना साधा था। सीक्रेट सर्विस ने दोनों शूटरों को तुरंत ढेर कर दिया। गोली लगने के बाद भी ट्रंप नारे लगाते रहे। इस घटना के बाद न्यूयॉर्क में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

राष्ट्रपति बाइडेन और ओबामा की प्रतिक्रियाएँ

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी की जानकारी मिली। मैं यह जानकर प्रसन्न हूं कि वह सुरक्षित हैं। मैं उनके और उनके परिवार और रैली में शामिल सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए जिल और मैं सीक्रेट सर्विस के आभारी हैं। अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।”

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, “हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है। हालांकि हम अभी तक नहीं जानते कि वास्तव में क्या हुआ था। हम सभी को इस बात से राहत होनी चाहिए कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को गंभीर चोट नहीं आई। मिशेल और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

इलाज के बाद ट्रंप अस्पताल से डिस्चार्ज

डोनाल्ड ट्रंप को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना के बाद ट्रंप टावर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीक्रेट सर्विस द्वारा दोनों शूटरों की पहचान और हमले के पीछे की साजिश का पता लगाया जा रहा है। इस हमले ने पूरे अमेरिका में हड़कंप मचा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!