महिला की किडनी का गलत ऑपरेशन का मामला: अब एसएमएस अस्पताल में होगा उच्च स्तरीय उपचार

झुंझुनू, 30 मई: जिला मुख्यालय के धनकड़ हॉस्पिटल में किडनी का गलत ऑपरेशन होने के कारण पीड़ित महिला रोगी ईद बानो का उच्च स्तरीय उपचार अब जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह के निर्देश पर महिला रोगी को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए जयपुर भेजा गया है। गुरुवार को जिले के प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा और जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने बीडीके अस्पताल में जाकर पीड़िता से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पीड़िता को बेहतरीन उपचार मुहैया करवाने का आश्वासन दिया।

महिला के उपचार की स्थिति को लेकर मेडिकल बोर्ड गठित किया गया था। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार रोगी को नेफ्रोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता है। इसे देखते हुए झुंझुनू से रोगी को लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस से एसएमएस अस्पताल भेजा गया। बेहतर उपचार और समन्वय की दृष्टि से झुंझुनू से चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश जाखड़, नर्सिंग अधिकारी शहनवाज कुरैशी, मंडावा तहसीलदार और गिरदावर भी रोगी के साथ गए।

इससे पहले, उपचार में कतराने और रोगी को असंवेदनशील तरीके से डिस्चार्ज कर देने पर राज्य सरकार ने बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के दो चिकित्सकों मेडिसिन यूनिट के प्रमुख डॉ. बाल किशन गुप्ता, नेफ्रोलॉजी विभाग के आचार्य डॉ. जितेंद्र फलोदिया और नर्सिंग प्रभारी रमजान तंवर के खिलाफ कार्रवाई की है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह के निर्देश पर तीनों को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज बीकानेर के प्रधानाचार्य ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पीड़िता के मामले में राज्य सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उच्च स्तरीय उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे पीड़िता को उचित चिकित्सा सहायता मिल सके और उसकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!