समाचार झुंझुनूं 24
पल-पल की खबर
☰ कैटेगरी
📰 कैटेगरी
Uncategorizedअन्तर्राष्ट्रीयअपराधअलसीसर-मलसीसरउदयपुरवाटीउदयपुरवाटीखेतड़ीखेलगुढागुढागौड़जीचिड़ावाचूरूजयपुरझुन्झुनूडुंडलोददेशदेश-विदेश-राज्यनरहड़नवलगढ़नीमकाथाना

प्रॉपर्टी के लिए इकलौते विमंदित साले की गला दबा कर हत्या की बहनोई ने, शव को हरियाणा में नहर में फेंका, 2 माह से लापता था बिगोदना का अनिल

पिलानी थाना क्षेत्र के बिगोदना गांव से लापता विमंदित युवक की हत्या कर दिए जाने का मामला दर्ज करवाया गया है। हत्या का आरोप युवक के बहनोई पर ही है, जिसने अपने दोस्त के साथ मिल कर विमंदित युवक की हत्या कर शव को हरियाणा में नहर में बहा दिया। रिपोर्ट युवक की मां के द्वारा पुलिस को दी गई है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में युवक की मां विमला देवी निवासी बिगोदना ने जानकारी दी है कि 29 जून को उसका बेटा अनिल (30 वर्ष) घर से गायब हो गया था। अपने स्तर पर सब जगह तलाश करने के बाद विमला देवी ने अनिल के लापता होने की सूचना अपने दामाद जगवीर सिंह को दी। बाद में पिलानी थाने में अनिल की गुम – शुदगी दर्ज करवाई गई थी।

हत्यारे बहनोई ने ही दर्ज करवाई गुमशुदगी की रिपोर्ट

सास विमला देवी द्वारा अनिल के गायब होने की सूचना पर गांव आए जगवीर सिंह ने पहले अन्य रिश्तेदारों और गांव के लोगों के साथ मिल कर अनिल को तलाश करवाया और बाद में पिलानी थाने में उसकी गुमशुदगी भी जगवीर सिंह ने ही दर्ज करवाई थी। जगवीर सिंह CRPF में कार्यरत है और उसकी पोस्टिंग दिल्ली है। अनिल के लापता होने की सूचना मिलने पर वह दिल्ली से ही उसकी तलाश करने के लिए बिगोदना गांव आया था।

ऐसे हुआ वारदात का खुलासा

अनिल के लापता होने के बाद विमला देवी को उनके पड़ोसी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने अनिल को आखिरी बार उसके बहनोई जगवीर सिंह और उसके दोस्त मनोज के साथ गाड़ी में बैठ कर जाते हुए देखा था। जब विमला देवी ने दामाद से इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह अनिल को ईलाज के लिए अनिल को अपने साथ दिल्ली लेकर गया था। शक होने पर युवक की मां अपने दामाद की यूनिट से जानकारी ली तो सामने आया कि जगवीर अपनी ड्यूटी से भी इन दिनों गैर हाजिर चल रहा है। पूछ – ताछ के लिए दबाव बनाने पर हाल ही में गांव आए दामाद जगवीर ने अपनी सास से कहा कि उससे गलती हो गई है। उसने बताया कि वह अनिल को ईलाज के लिए अपने साथ दिल्ली ले जा रहा था। रास्ते में किसी बात पर गुस्सा आ गया और उसने गला दबा कर अनिल की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।

सास को हो गया था दामाद पर सन्देह

विमला देवी को अपने दामाद पर शक हो गया था। अनिल के लापता होने पर कुछ समय तक जगवीर फोन करने पर गांव आए जाता था, अनिल को तलाश करने में भी सहयोग किया। यहां तक कि गुमशुदगी भी खुद ही दर्ज करवाई, सोशल मीडिया पर भी अपने साले की तलाश के लिए संदेश प्रसारित किए। लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से वह गांव आने से कतराने लगा था, बीमारी या छुट्टी न मिलने के बहाने बना रहा था। जब लापता युवक अनिल की मां को पड़ोसी ने जगवीर के साथ गाड़ी में उसके देखे जाने की जानकारी दी, तब बार-बार पूछताछ करने और दबाव बनाने पर उसने अनिल को ईलाज के लिए अपने साथ ले जाने की बात कही। हालांकि वह उसके बाद अनिल कहां गया, इसकी जानकारी नहीं दे पाया।

सम्पत्ति हड़पने की नियत से की हत्या

मृतक अनिल की मां विमला देवी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में अपने दामाद पर यह आरोप लगाया है कि CRPF में कार्यरत उसके दामाद जगवीर सिंह ने गांव में उसकी जमीन हड़पने के लिए अपने साले की हत्या की है। पुलिस रिपोर्ट पर बारीकी से हत्या के मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल अनिल के शव की बरामदगी के लिए पिलानी पुलिस ने हरियाणा पुलिस से सहयोग मांगा है।

घर जंवाई बन कर रह रहा था जगवीर

बिगोदना से 29 जून को लापता हुए 30 वर्षीय विमंदित युवक अनिल के पिता मांगेराम का 2016 में निधन हो गया था। अनिल की बहन राजबाला की शादी 2011 में नरहड़ निवासी जगवीर के साथ हुई थी। शादी के बाद राजबाला लगभग 1 वर्ष ससुराल नरहड़ में रही, बाद में चिड़ावा रहने लगी थी। ससुर की 2016 में हुई मौत के बाद जगवीर ससुराल बिगोदना में ही घर जंवाई बन कर रहने लगा था। ड्यूटी से जब भी छुट्टी आता, वह अपने गांव नरहड़ न जाकर ससुराल में ही रुकता था। ससुर की मौत के बाद उसने बिगोदना में ससुराल की 50 बीघा कृषि भूमि पर बोरिंग भी करवाया था और यहां खेती भी करता था। ससुराल में इकलौता साला विमंदित था और सास भी बीमार रहती है, लिहाजा परिस्थितियां भी जगवीर के अनुकूल थी।

पिलानी थाना अधिकारी रणजीत सिंह सेवदा ने बताया कि मामले में जांच जारी है। लापता युवक अनिल के शव से सम्बन्धित जानकारी के लिए हरियाणा पुलिस से सम्पर्क किया गया है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्दी ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a comment

error: Content is protected !!
BREAKING
समाचार झुंझुनूं 24 पर पढ़ें झुंझुनूं, राजस्थान, देश और दुनिया की ताजा खबरें चिड़ावा, पिलानी, झुंझुनूं, खेतड़ी और राजस्थान की हर बड़ी अपडेट सबसे पहले क्रिकेट, राजनीति, शिक्षा, मौसम और लाइव अपडेट्स लगातार देखें