जयपुर: राजस्थान पुलिस एकेडमी (आरपीए) में प्रशिक्षण ले रहे 15 सब इंस्पेक्टर (एसआई) को मंगलवार को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने हिरासत में लिया है। इन पर 2021 में आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने और डमी कैंडिडेट बैठाकर परीक्षा देने का आरोप है।

एसओजी की टीम सुबह करीब 9:30 बजे आरपीए पहुंची और करीब तीन घंटे तक आरोपियों से पूछताछ की। इसके बाद 15 ट्रेनी एसआई को डिटेन कर एसओजी मुख्यालय ले जाया गया। इनमें 2 महिला और 13 पुरुष सब इंस्पेक्टर शामिल हैं।

जांच एजेंसी को पूर्व में गिरफ्तार ट्रेनी एसआई से कई अहम जानकारी मिली थी। उसने 20 लोगों को पेपर उपलब्ध कराने की बात कबूल की थी, जिसके बाद एसओजी ने इन 20 लोगों को चिन्हित किया और उनमें से 15 को हिरासत में लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, एसओजी को शक है कि इन ट्रेनी एसआई ने परीक्षा में अपनी जगह डमी कैंडिडेट बैठाए थे। एसओजी अब इन ट्रेनी एसआई और डमी कैंडिडेट से पूछताछ कर रही है।

एसओजी ने पहले भी की थी कार्रवाई

इस मामले में पहले भी 15 ट्रेनी एसआई गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एसओजी ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में पास हुए सभी ट्रेनी एसआई की डमी परीक्षा ली थी। ट्रेनी एसआई को वही पेपर हल करने के लिए दिया गया था, जो साल 2021 की परीक्षा में आया था। इस दौरान 17 ट्रेनी एसआई 20 प्रतिशत भी पेपर हल नहीं कर पाए थे। वहीं, 400 ट्रेनी एसआई 50 प्रतिशत प्रश्नों का उत्तर नहीं दे पाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!