युवाओं की टीम ने सरला पाठशाला चिड़ावा के बच्चों के साथ मनाया रोटी डे, सोशल मीडिया से जुटाया सहयोग

जिले के युवाओं की एक टीम इन दिनों गरीब तबके के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए सक्रिय है। झुंझुनूं में झुग्गी झोपड़ी के बच्चों के साथ रोटी डे मनाकर युवाओं की यह टीम चिड़ावा पहुंचीं और यहां पर सरला पाठशाला के बच्चों को अच्छा खाना खिलाकर रोटी डे मनाया गया।

टीम के युवा सदस्य जेईएन अमित करोल ने बताया कि जो बच्चे होटल के आगे हाथ फैलाकर खाना मांगते रहते हैं,उनके मन में जिज्ञासा रहती है कि वहां आने वाले लोग इतने सुंदर होटल में कैसा खाना खाते होंगे, अंदर क्या-क्या होता होगा.. काश हम भी कभी ऐसे होटल में बैठकर शाही अंदाज में खाना खा पाएं। झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले हर बच्चे का ये सपना होता है। बच्चों के ऐसे ही सपने को हमारी टीम ने चिड़ावा के होटल राज मंगलम में खाना खिलाकर पूरा किया है। साथ ही उन बच्चों में शिक्षा की अलख भी जगाई है।

वैलेंटाइन डे से मिला रोटी डे का आइडिया

टीम के विकास आल्हा एवम् सीताराम बास बुडाना ने बताया कि फरवरी माह में युवा रोज डे, वेलेंटाइन डे आदि मनाते हैं। लेकिन आज नेक सोच रखने वाले युवाओं ने झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों के साथ रोटी डे मनाया। रोटी डे का मुख्य उद्देश्य इन बच्चों को ये आभास करवाना था कि अच्छे होटल में खाना खाकर बच्चे अच्छा महसूस कर सकें और वो भी पढ़ लिखकर कुछ अच्छा कर पाएं। जिले के युवाओं ने इस नेक काम के लिए व्हाट्सअप पर मुहिम चलाकर लोगों को प्रेरित करके उनसे आर्थिक सहयोग लिया।

Advertisment’s

युवाओं की टीम ने चिड़ावा में झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले 53 बच्चों को चिड़ावा के राज मंगलम होटल में अच्छा खाना खिलाया और उन्हें पढ़ने के लिए कॉपी-पेंसिल के अलावा पांव में पहनने के लिए चप्पलें भी वितरित की।

कॉमेडी से किया बच्चों का मनोरंजन

इस मौके पर कॉमेडियन अनिल निजामपुरिया और ब्रावो ने अपनी कॉमेडी से बच्चों को खूब हंसाया। एईएन रामप्रताप बरवड़ बताया कि शिक्षा ही एक मात्र हथियार है जिससे हम अपनी मंजिल को प्राप्त कर सकते हैं। अगर हम अच्छे से पढते हैं, तो अपना जीवन भी अच्छे से जी सकते हैं और अपने सपने पूरे कर सकते हैं। इसलिए वर्तमान समय में शिक्षा बहुत जरूरी है। शिक्षा हमारा सर्वांगीण विकास करती है। टीम के सभी सदस्यों ने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने गानों की धुन पर खूब डांस किया।

ये रहे मौजूद

इस दौरान विकास काला, मदनलाल गुडेसर, सत्यवीर बरवड़ पूर्व चेयरमैन बगड़, महेश जसरापुर, डॉक्टर सुरेश शिला, इंद्राज सिंह भूरिया, अंजलि गर्वा, समीर खान चनाना, कमलेश काला, अनीता पूनिया, मांगेलाल काला, जेईएन रवि हालू, योगेश निर्मल, इरफान, राजेश गोठवाल, सवाई सिंह, दिनेश कुमार, लक्ष्मी, अंकिता पूनिया सहित आवाम ग्रुप झुंझुनू व भीम आर्मी के सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित अन्य युवा साथी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!