झुंझुनूं: पुलिस (Jhunjhunu Police) ने वांछित अपराधियों के खिलाफ एक बड़े ‘ऑपरेशन क्लीन’ में जबरदस्त सफलता हासिल की है। बिसाऊ पुलिस की टीम ने 19 साल से फरार चल रहे 25000 रुपये के इनामी अपराधी को मुंबई से दबोचा है, जो वहां नाम बदलकर रह रहा था। वहीं, बबाई पुलिस ने भी 11 साल से फरार एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। बगड़ में भी शांतिभंग करने वालों पर शिकंजा कसा गया है।
बिसाऊ: 19 साल बाद मुंबई में मिला 25000 का इनामी
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में बिसाऊ पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली। धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट के दो मामलों (09/2007 व 10/2007) में कासली (सीकर) निवासी 50 वर्षीय रमजान अली पुत्र नबीबक्स 19 साल से फरार था। उस पर 25000 रुपये का इनाम भी घोषित था। थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम को आसूचना मिली कि अपराधी मुंबई में नाम बदलकर और वहां का आधार कार्ड बनवाकर रह रहा है। टीम को मुंबई रवाना किया गया। पुलिस टीम ने दो दिनों तक जोगेश्वरी, बोरीवाली, दहिसर, अंधेरी ईस्ट, लोखण्डवाला और गोरेगांव में भेष बदलकर दो दिन रैकी की। आखिरकार, अपराधी रमजान अली को जोगेश्वरी ईस्ट (मुंबई) से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में महेन्द्र सिंह, बीरबल और राम शामिल थे, जिसमें राम की विशेष भूमिका रही।
बबाई: 11 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार
एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में, बबाई पुलिस ने 11 साल से फरार वारंटी को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी जगदीश प्रसाद शर्मा (62 वर्ष) पुत्र कालूराम शर्मा, निवासी कंवर का बास (जयपुर), खेतड़ी कोर्ट के दो मामलों (910/17 व 931/17) में वांछित था। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद उसे गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इस टीम में जयप्रकाश सिंह, पप्पूराम और भीमसिंह शामिल थे।
बगड़: मां से पेंशन छीनने के लिए तानी नकली पिस्टल
बगड़ में भी पुलिस ने शांतिभंग के मामलों में कार्रवाई की। थानाधिकारी सुभाषचन्द्र के नेतृत्व में टीम ने दो पक्षों में झगड़े पर उतारू केहरपुरा खुर्द निवासी 54 वर्षीय महेन्द्र सिंह पुत्र दयानन्द और 45 वर्षीय दशरथ सिंह पुत्र दयानन्द को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। एक अन्य घटना में, भडौंदा खुर्द निवासी 36 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र ईश्वर सिंह शराब के नशे में अपनी मां से पेंशन के पैसे छीनने के लिए मारपीट कर रहा था और उन्हें नकली पिस्टल से डरा-धमका रहा था। जांच में पिस्टल नकली पाई गई और आरोपी को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, गश्त के दौरान इस्लामपुर रोड पर शराब पीकर बोलेरो चला रहे लाम्बा गोठडा निवासी 21 वर्षीय अंकित पुत्र विजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया। इस टीम में सुभाषचन्द्र, उम्मेद सिंह, रणधीर सिंह, महेन्द्र कुमार, प्रकाशचंद्र और कुलदीप कुमार शामिल थे।







