झुंझुनूं: जिले की राजनीति और सामाजिक परिदृश्य में महिला शक्ति का एक नया अध्याय जुड़ गया है। शहर के इंदिरा नगर में राष्ट्रीय जाट महासंघ ने अपनी महिला मोर्चा ग्रामीण ब्लॉक इकाई की कार्यकारिणी का गठन कर एक मजबूत संदेश दिया है। इस महत्वपूर्ण कदम से जाट समाज में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुधार की दिशा में एक नई उम्मीद जगी है। सुभिता पूनियां को सर्वसम्मति से अध्यक्ष की कमान सौंपकर संगठन ने जमीनी स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प दिखाया है।
नई टीम को मिली नई जिम्मेदारी, इन्होंने संभाला मोर्चा
राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया की स्वीकृति और प्रदेश सचिव रामकुमार झाझड़िया की अभिशंषा पर इस नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया गया। अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सुभिता पूनियां को सौंपी गई है। टीम को सही दिशा दिखाने के लिए मनिषा बुडानिया को ब्लॉक प्रभारी नियुक्त किया गया है। संगठन को मजबूती देने के लिए उपाध्यक्ष के तौर पर संतरा चौधरी, अनिला राहड़ और शारदा देवी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, ब्लॉक महासचिव जैसे अहम पदों पर पुनम सुरा, अन्नु चौधरी और सुनिता देवी को नियुक्त किया गया है। सचिव पद की जिम्मेदारी ममता सुरा, रितू भाम्बू और सुमन सोहु को सौंपी गई है, जिन्होंने पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
सामाजिक कुरीतियों का अंत ही मुख्य लक्ष्य: संतोष चौधरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं राष्ट्रीय जाट महासंघ महिला मोर्चा की जिला संयोजक संतोष चौधरी ने अपने संबोधन में संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य सिर्फ पदों का वितरण नहीं, बल्कि जाट समाज में गहरी जड़ें जमा चुकी सामाजिक कुरीतियों जैसे- मृत्युभोज, दहेज प्रथा और नशे की लत पर कार्य करना है। हमें मिलकर एक शिक्षित और प्रगतिशील समाज का निर्माण करना है।” उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से इस दिशा में सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया।
प्रदेश पदाधिकारियों की देखरेख में गोपनीयता की शपथ
यह पूरा गठन कार्यक्रम प्रदेश नेतृत्व की सीधी निगरानी में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश सचिव रामकुमार झाझडिया ने सभी नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संगठन को इन सभी महिला पदाधिकारियों से बहुत उम्मीदें हैं और वे राजस्थान स्तर पर झुंझुनूं का नाम रोशन करेंगी। इस नियुक्ति पत्र वितरण और शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही झुंझुनूं ग्रामीण में संगठन के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।