झुंझुनूं: राजस्थान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता यशवर्धन सिंह ने बुधवार को राज्य के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “नए पैकेट में पुरानी चीज” बताया। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं जिले के साथ सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है। गहलोत सरकार ने चिड़ावा और खेतड़ी की सीएचसी को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत कर उनके भवन के लिए बजट का प्रावधान किया था, लेकिन नई सरकार ने इसे पहले रोका और अब अपने बजट में शामिल कर उप जिला अस्पताल के नाम पर वाहवाही लूटना चाहती है।
यशवर्धन सिंह ने इंदिरा नहर परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने झुंझुनूं जिले के हर क्षेत्र को इस परियोजना से जोड़ने का फैसला किया था। मंडावा, खेतड़ी और झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्रों में हर घर में पानी पहुंच रहा है। उदयपुरवाटी और सूरजगढ़ विधानसभा में कांग्रेस सरकार ने बजट देकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू की थी, जबकि पिलानी और नवलगढ़ के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी की थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद तकनीकी स्वीकृति जारी नहीं हुई। भाजपा ने तकनीकी स्वीकृति नहीं दी और वित्तीय स्वीकृति को भी निरस्त कर दिया। अब पूर्व में स्वीकृत योजना के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
सिंह ने यमुना नहर के पानी की डीपीआर के नाम पर भी भाजपा पर निशाना साधा, कहा कि 17 फरवरी 2024 को बड़े गाजे-बाजे के साथ किए गए MOU में 4 महीने में DPR बना देने का दावा किया गया था, जबकि पाँच महीने बीत जाने के बाद तो DPR बनाने के लिए पैसों का आवंटन किया गया है, जो ज़िले की जनता के साथ धोखा है ।
यशवर्धन सिंह ने नवलगढ़ में नगरपालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत करने, शौर्य उद्यान के लिए बजट देने, पुलिस लाइन के पुलिया के निर्माण के लिए बजट देने जैसे मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की। सिंह ने कहा कि भाजपा के मंत्रियों और झुंझुनूं के भाजपा नेताओं ने इन कामों के लिए बजट देने का दावा किया था, लेकिन बजट में इनका नाम तक नहीं लिया गया।





