चिड़ावा: उपखंड के ग्राम सेहीकलां स्थित जोहड़ वाले बालाजी मंदिर परिसर में शनिवार को भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। संत स्वामी लखन गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित पंचकुंडीय महालक्ष्मी-विष्णु यज्ञ और नगर कीर्तन प्रभात फेरी में सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर धर्म और आस्था का संदेश फैलाया।
कार्यक्रम में संत कर्म गिरी और संत अशोक गिरी की अगुवाई में पंडित रजत शर्मा (पिलानी) ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ संपन्न कराया। मुख्य यजमान के रूप में डीड राइटर अरुण शर्मा, भूतपूर्व सरपंच मनोज कुमार, और छोटेलाल कुमावत ने अपनी पत्नियों के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ स्थल पर पूरे वातावरण में मंत्रों की गूंज और हवन की सुगंध ने एक दिव्य आभा बना दी।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर कीर्तन और प्रभात फेरी से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। बालाजी मंदिर से निकले कीर्तन ने पूरे गाँव में भक्ति, समरसता और सौहार्द का संदेश फैलाया।
भक्तों ने रास्ते में जगह-जगह फूल वर्षा कर स्वागत किया।
इस मौके पर डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा, पुजारी प्रमोद महाराज, रविकांत कुमावत, और मुकेश शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। संतों ने कहा कि ऐसे यज्ञ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और संस्कारों का संचार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।





