चिड़ावा: शहर में राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल और बिरसा मुंडा के सम्मान में ‘माय भारत सरदार @150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि इस एकता यात्रा में शामिल हुए। परमहंस पंडित गणेश नारायण समाधि स्थल से शुरू हुए इस मार्च ने शहर के प्रमुख मार्गों को राष्ट्रभक्ति और एकता के स्वर से भर दिया।
परमहंस पंडित गणेश नारायण समाधि स्थल के समीप आयोजित आरंभिक समारोह में अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल और बिरसा मुंडा की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिला अधिकारी मधु यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए यूनिटी मार्च के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
इसके बाद SDM नरेश सोनी और DSP विकास धींधवाल ने उपस्थित सभी नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की शपथ दिलवाई। SDM ने इस अवसर पर एकता की ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मार्च पुरानी बस्ती और धाबाई की का टेकड़ा से होकर मुख्य बाजार, कल्याण राय मंदिर रोड, सेखरिया कॉलेज मार्ग, कोर्ट रोड, स्टेशन रोड और कबूतरखाना बस स्टैंड तक पहुंचा। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के नारों से वातावरण को ऊर्जा से भर दिया। अंततः यह मार्च पुरानी तहसील रोड से विवेकानंद चौक पहुंचा।

यूनिटी मार्च में पूर्व विधायक सुभाष पूनिया, OBC आयोग सदस्य पवन मावंडिया, जिला संयोजक सुभाष शर्मा, जयसिंह माठ, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज श्योराण, जिला मंत्री सुनीता स्वामी, पूर्व नगरपालिकाध्यक्ष मधु शर्मा, भाजपा जिला प्रवक्ता कमलकांत शर्मा, अशोक शर्मा, उमाशंकर महमिया, पृथ्वीराज शर्मा, नीतिका थालोर, नाहर सिंह थालौर, जगदीश प्राण, वर्षा सोमरा, रजनीकांत मान और सुरेश जलिंद्रा सहित कई लोगों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विवेकानंद चौक पर पहुंचे यूनिटी मार्च कार्यक्रम का सामूहिक राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ भव्य समापन हुआ।
चिड़ावा के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ यूनिटी मार्च में हिस्सा लिया। युवाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बना दिया, जिससे यह एक युवा-नेतृत्व वाली राष्ट्रीय एकता यात्रा के रूप में स्थापित हुआ।





