चिड़ावा: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का रुख अब सख्त होता नजर आ रहा है। चुंगी नाका क्षेत्र में स्थित जयपुर हॉस्पिटल के पीछे लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण पर आखिरकार बुलडोज़र चला दिया गया। शिकायत मिलने के बाद नगरपालिका ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन को मिली शिकायत के आधार पर नगरपालिका टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से स्थायी व अस्थायी दोनों प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान रास्ते को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया, जिससे आमजन को राहत मिली।
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस जवानों ने पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी और नगरपालिका टीम को सहयोग प्रदान किया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जेईएन आकाश जांगिड़ और एसआई संदीप लांबा ने किया। उनके निर्देशन में टीम ने व्यवस्थित तरीके से अतिक्रमण हटाया। मौके पर जमादार राजेंद्र, दीपक कुमार, मनीष पुजारी सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से हेड कांस्टेबल अमित भाटिया (चालक), योगेश शर्मा और महेंद्र कुमार सहित अन्य जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।






