झुंझुनू: वीर झुंझार सिंह के 18वें प्रतिमा स्थापना दिवस पर भव्य समारोह आयोजित हुआ। विधायक राजेंद्र भांबू, एम डी चौबदार और हैप्पी खीचड़ सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। 75 प्रतिभाओं का सम्मान, नई लाइब्रेरी का उद्घाटन और कौमी एकता का संदेश कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रहा।
झुंझुनू जिला मुख्यालय स्थित वीर झुंझा स्मृति स्थल पर झुंझुनू के संस्थापक वीर झुंझार सिंह का 18वां प्रतिमा स्थापना दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह में सामाजिक समरसता, कौमी एकता और प्रतिभा सम्मान की अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा वीर झुंझा और मां भारती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई, जिसके बाद डीवी शास्त्री ने आर्य समाज विधि से वैदिक मंत्रोच्चारण कर विधिवत शुभारंभ कराया।
संस्था सचिव सुरेश जाखड़ ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और युवा प्रेरणा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनू विधायक राजेंद्र भांबू उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष एम डी चौपदार ने की। विशेष अतिथि के रूप में भारतीय अंडर-19 एवं महिला प्रीमियर लीग में खेलने वाली राजस्थान की पहली महिला क्रिकेटर हैप्पी खीचड़ की उपस्थिति ने युवाओं में उत्साह भर दिया।
इसके अतिरिक्त उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष मनोज मील, शिक्षाविद सुधीर तेवतिया, दिनेश सूंडा, ताराचंद गुप्ता और संस्था संरक्षक बजरंग नेहरा भी मंचासीन रहे। अपने संबोधन में राजेंद्र भांबू ने कहा कि वीर झुंझा जैसे महापुरुषों के कारण झुंझुनू की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हुई है तथा विकसित भारत के निर्माण में जिले की भूमिका अहम होगी।

डी चौपदार ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए सामाजिक सद्भाव और विकास के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई। मनोज मील ने समाज को न्याय और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया तथा महाराजा सूरजमल और दीनबंधु सर छोटूराम के स्वर्णिम इतिहास का उल्लेख किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण सर्वसमाज प्रतिभा सम्मान रहा, जिसमें कुल 75 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें संघ लोक सेवा आयोग के 7, राजस्थान लोक सेवा आयोग के 12, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के 4, प्रगतिशील नवाचार पशुपालक 3, लेखक-साहित्यकार 9, रक्षा क्षेत्र से 7, राष्ट्रीय स्तर के खेलों में 8, सामाजिक सरोकारों में 16 तथा 9 पर्वतारोही शामिल रहे। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, रक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा से जुड़े युवाओं को मंच पर सम्मानित कर प्रेरित किया गया।
डॉ सलाउद्दीन चौपदार फाउंडेशन द्वारा संस्थान परिसर में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित नई लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। एक लाख रुपये का सहयोग देने वाले राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विद्याधर जाखड़ और शिव टेंट हाउस के रामपाल भेडा को भी समारोह में सम्मानित किया गया।
अंत में संस्था अध्यक्ष डॉ महेंद्र नेहरा ने आभार व्यक्त किया, जबकि डॉ पितराम गोदारा ने उपस्थित जनसमूह को अन्न बचाओ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन नेशनल यूथ आइकॉन वकील विजयहिन्द जालिमपुरा और सत्यवीर झाझडिया ने किया। समारोह में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ हनुमान प्रसाद सहित विभिन्न जिलों से आए प्रबुद्धजन और समाजसेवी मौजूद रहे।





