मंड्रेला: 11 अक्टूबर, शनिवार का दिन मंड्रेला के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। इस दिन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहली बार मंड्रेला पहुंचेंगे। कार्यक्रम लाठ खेल ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
💧 कुंभाराम लिफ्ट परियोजना से मंड्रेला को पानी मिलने की उम्मीद
स्थानीय स्तर पर कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री मंड्रेला को कुंभाराम लिफ्ट परियोजना का पानी देने की ऐतिहासिक घोषणा कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह पूरे इलाके के लिए विकास का स्वर्णिम अध्याय साबित होगा।
गौरतलब है कि एक माह पूर्व कुंभाराम जल संघर्ष समिति ने मंड्रेला में विशाल रैली निकालकर जल परियोजना की मांग उठाई थी। प्रवासी भामाशाह अनिल रूंगटा की पहल पर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल से भेंट कर ज्ञापन सौंपा था, जिसके बाद मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
🏗️ भाजपा नेताओं ने किया स्थल का निरीक्षण, लोगों में दिखा उत्साह

भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का आगमन क्षेत्र के विकास के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करती है और हमें विश्वास है कि मुख्यमंत्री मंड्रेला के लिए बड़ी घोषणा करेंगे।”
इस अवसर पर जिला प्रमुख हर्षनी कुल्हरी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विश्वभर पूनिया, पालिकाध्यक्ष कुलदीप सिंह शेखावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार, थानाधिकारी जितेंद्र कुमार, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश खीचड़, प्रवासी अनिल कुमार रूंगटा और कैलाश हाकिम मौजूद रहे।
🤝 मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में मंड्रेला विकास की योजनाओं पर चर्चा

शुक्रवार को प्रवासी भामाशाह अनिल रूंगटा और कैलाश हाकिम ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मंड्रेला के विकास की संभावनाओं और 11 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने दोनों को आश्वस्त किया कि इस दौरे में क्षेत्र को नई विकास सौगातें मिलने जा रही हैं।




