नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजधानी की राजनीति में गर्मी बढ़ गई है। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखते हुए दिल्ली की बदहाल कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की है। इस पत्र में उन्होंने राजधानी में अपराधों की बढ़ती घटनाओं और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। साथ ही, इस मुद्दे पर चर्चा के लिए अमित शाह से मिलने का समय भी मांगा है।
दिल्ली अपराध की राजधानी बन गई है: अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने अपने पत्र में कहा, “दिल्ली की कानून व्यवस्था केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली को अब अपराध की राजधानी के नाम से जाना जा रहा है।” उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में हत्या और जबरन वसूली जैसे अपराध तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देश के 19 मेट्रो शहरों में दिल्ली महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में सबसे ऊपर है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध और जबरन वसूली में वृद्धि
केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या के मामलों में राजधानी नंबर वन पर है। इसके अलावा, जबरन वसूली करने वाले गिरोह सक्रिय हैं और खुलेआम अपराध कर रहे हैं।”
उन्होंने पत्र में यह भी लिखा कि दिल्ली के हवाई अड्डों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। साथ ही, ड्रग्स से जुड़े अपराधों में 350 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। केजरीवाल ने इसे बेहद चिंताजनक स्थिति करार दिया और सुरक्षा के लिए ठोस उपायों की मांग की।
बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना
आप नेता अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के अन्य सदस्यों ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वे दिल्ली की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। आप नेताओं का कहना है कि दिल्ली की कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदार केंद्रीय गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।
आप के मुताबिक, “दिल्ली की जनता ने केंद्र सरकार को केवल एक ही जिम्मेदारी दी थी, वह है सुरक्षा। लेकिन केंद्र इस जिम्मेदारी को निभाने में भी असफल रहा है।”
चुनाव के मद्देनजर आरोप-प्रत्यारोप तेज
चुनाव से पहले कानून व्यवस्था का मुद्दा राजनीतिक बहस का प्रमुख केंद्र बन गया है। आप पार्टी जहां केंद्र सरकार और बीजेपी पर हमलावर है, वहीं बीजेपी भी पलटवार करते हुए दिल्ली सरकार की विफलताओं को उजागर कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने समाधान की मांग की
अपने पत्र में अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वह दिल्लीवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने अमित शाह से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करने की इच्छा जताई है ताकि राजधानी में अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके।