झुंझुनूं: जिला मुख्यालय पर रविवार 26 अक्टूबर को होने वाले मेघवाल महाकुंभ एवं प्रतिभा सम्मान समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह भव्य आयोजन गुढ़ा रोड पर एस्सार पेट्रोल पंप के सामने मंगलम विहार परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन इस महाकुंभ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के तहत हॉस्टल की नींव रखी जाएगी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
महाकुंभ को सफल बनाने के लिए हुई अंतिम बैठक
महाकुंभ को लेकर तैयारियों की समीक्षा जिलाध्यक्ष सुरेश चित्तौसा की अध्यक्षता में की गई। बैठक में संस्था के जिला महासचिव रमेश भूकल ने बताया कि समाज के युवाओं में शिक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हॉस्टल नींव स्थापना से समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी।
राज्य के दिग्गज अतिथि बनेंगे कार्यक्रम की शान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता अजमेर डिस्कॉम एमडी के.पी. वर्मा करेंगे, जबकि रिटायर्ड डीजी पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा अति विशिष्ट अतिथि रहेंगे। इसके अलावा पूर्व संभागीय आयुक्त पी.सी. बेरवाल, पिलानी विधायक पितराम काला, संयुक्त शासन सचिव (वित्त) इंद्र राज मेघवाल, झुंझुनूं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवरलाल सर्वा, पुलिस इंस्पेक्टर सीकर इंद्राज मरोड़िया, भाजपा जिला महामंत्री राजेश दहिया और मोटिवेशनल स्पीकर राहुल मेघवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रतिभा सम्मान से बढ़ेगा समाज में शिक्षा का उत्साह
जिलाध्यक्ष सुरेश चित्तौसा ने बताया कि कार्यक्रम में सबसे पहले हॉस्टल की नींव रखी जाएगी। इसके बाद उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने सत्र 2024-25 में 8वीं कक्षा में 90%, 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर में 70% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही IIT, NEET, RJS, राजकीय सेवा या विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले युवा भी सम्मानित किए जाएंगे। समिति उन लोगों को भी प्रेरणास्पद सम्मान देगी जिन्होंने दहेज मुक्त विवाह जैसे सामाजिक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।
समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे तैयारियों में
महाकुंभ को लेकर समाज के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिन-रात तैयारी में जुटे रहे। बैठक में सीताराम, कैलाश दास, गुलशन मेघवाल, राजेश देबानिया, रामू मेघवाल, मुकेश बनेटीवाल, नवीन महिच और किशन लाल कड़वासरा सहित कई सदस्यों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर चर्चा की। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन समाज में शिक्षा, एकता और आत्मगौरव का प्रतीक बनेगा।





