चिड़ावा: शहर में आगामी रविवार महाशिवरात्रि 2026 के अवसर पर 90वीं त्रिमूर्ति महाशिवरात्रि पर्व का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आध्यात्मिक महोत्सव 1 फरवरी 2026 को भगेरिया फार्म हाउस, मण्ड्रेला सर्किल के पास आयोजित होगा, जहां कलश यात्रा, आध्यात्मिक प्रवचन, राजयोग संदेश और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति प्रदान करेंगे।
ब्रह्माकुमारी संस्था कर रही आयोजन
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिव अवतरण की स्मृति में त्रिमूर्ति महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शाखा चिड़ावा द्वारा किया जा रहा है। संस्था की संचालिका स्नेहा दीदी ने बताया कि इस अवसर पर आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।
कलश यात्रा से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत 1 फरवरी 2026, रविवार दोपहर 1:00 बजे एक भव्य कलश यात्रा से होगी। यह यात्रा धाबाई के टेकडे से प्रारंभ होकर कबूतर खाना मण्ड्रेला रोड होते हुए भगेरिया फार्म हाउस के समीप संपन्न होगी। कलश यात्रा में महिला श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत प्रदर्शन करेंगी।
आध्यात्मिक प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा के समापन के पश्चात आध्यात्मिक प्रवचन, शिव तत्व पर विचार, आत्मिक जागरण सत्र और राजयोग पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मनिषा केडिया रहेंगी, जबकि राजयोगिनी बाल ब्रह्मचारी कमल दीदी (नारनोल) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर शिव तत्व, आत्मिक चेतना और राजयोग साधना पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा करेंगी।
श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
आयोजकों ने चिड़ावा और आसपास के क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे महाशिवरात्रि पर्व 2026 में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और सकारात्मकता के इस महोत्सव का हिस्सा बनें।





