गुढागौड़जी: थाना क्षेत्र से बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक जवान बेरोजगार युवक को भारतीय वायुसेना में नौकरी लगाने का लालच देकर ठग आशीष कुमार ने 5 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने फर्जी एंट्री लेटर और जॉइनिंग लेटर थमा कर पीड़ित को बेलगावी और जैसलमेर तक भटकाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला बेरोजगारी का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर ठगी करने की गंभीर सच्चाई उजागर करता है।
गुढागौड़जी के नीम की ढाणी, बामलास निवासी नरेंद्र कुमार नौकरी की तलाश में था। वर्ष 2023 में श्रद्धानाथ कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात भौडकी निवासी आशीष कुमार से हुई। आरोपी ने खुद को भारतीय वायुसेना का कर्मचारी बताते हुए पहले विश्वास जीता और फिर कहा कि वह कई युवाओं को नौकरी दिला चुका है।
नरेंद्र की मजबूरी का फायदा उठाते हुए 5 लाख रुपये में एयरफोर्स में भर्ती कराने का सौदा तय किया गया। पीड़ित ने 08 मार्च 2023 से 14 अक्टूबर 2023 के बीच आरोपी को ऑनलाइन पूरा भुगतान कर दिया।
आरोपी ने एक फर्जी लिखित परीक्षा प्रवेश पत्र जारी किया, लेकिन किसी भी परीक्षा में शामिल नहीं कराया। इसके बाद ईमेल के जरिए नकली टाइपिंग टेस्ट क्लियर होने और 28 अक्टूबर 2023 को जॉइनिंग दिए जाने की झूठी सूचना भेजी।
पीड़ित को एयरफोर्स स्टेशन बेलगावी बुलाया गया, फिर रास्ते में ही जॉइनिंग स्थान बदलकर जैसलमेर भेज दिया गया। वहां कई दिनों तक भर्ती का झांसा देने के बाद आरोपी ने उसके सभी ओरिजनल दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए और फरार हो गया। नरेंद्र परेशान होकर वापस घर लौटा और गुढागौड़जी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अनुसंधान में ठगी का अपराध स्पष्ट होने पर चिमनाराम की ढाणी, भौडकी निवासी 23 वर्षीय आशीष कुमार को दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन पुलिस जांच आगे जारी है।




