पिलानी: लिखवा गाँव में शुक्रवार शाम शराब ठेके पर हुई 5–6 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों द्वारा छोड़ी गई धमकी भरी पर्ची ने मामला और गंभीर बना दिया है। घटना के बाद पुलिस ने झुंझुनूं जिले में नाकाबंदी करते हुए बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे पिलानी उपखंड के लिखवा गाँव में स्थित शराब ठेके पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक 5–6 राउंड फायरिंग कर दी। ठेके पर मौजूद सेल्समैन चैन सिंह फायरिंग से बाल-बाल बच गया।
फायरिंग से पहले बदमाश ठेके के अंदर एक धमकी भरी पर्ची फेंककर गए। पर्ची में लिखा था— “जय गोमाता, सचिन लिखवा उर्फ कालू, अक्षय पंडित फरमानीया—इस ठेके पर हिस्सा या हर महीने 1 लाख रुपये फिरौती देनी होगी, अन्यथा सेल्समैन अपनी मौत का जिम्मेदार खुद होगा।”
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पल्सर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। यह ठेका मिंटू सिंह पुत्र मामन सिंह निवासी छापड़ा के नाम वर्ष 2025–26 तक आवंटित है।
पर्ची का खुलासा होने के बाद पुलिस ने इस घटना को फिरौती और रंगदारी वसूली से जोड़कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में पुलिस टीमें जुटी हैं, ताकि बाइक और बदमाशों की पहचान की जा सके।
फायरिंग की सूचना मिलते ही डीएसपी विकास धींधवाल और पिलानी पुलिस टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सेल्समैन चैन सिंह से पूछताछ की। मामले को गंभीर मानते हुए झुंझुनूं जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। सभी प्रमुख चौक-नाके पर पुलिस ने चेकिंग तेज कर दी है।
घटना को रंगदारी वसूली से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने कई संदिग्धों की निगरानी बढ़ा दी है और संभावित रूटों पर टीमें तैनात कर दी गई हैं। फायरिंग से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।




