पिलानी, 3 दिसम्बर: पिलानी के डुलानिया गांव में इन दिनों पालतू पशुओं पर अज्ञात जानवर के हमलों ने पशुपालकों को आतंकित कर रखा है। अज्ञात जानवर ने लीखवा रोड़ पर स्वामियों की ढाणी के पास स्थित खालवा जोहड़ी में बीती रात एक पशुपालक के बाड़े में घुस कर 10 भेड़ों को मार डाला बाड़े में कुल 35 भेड़ थी। बता दें कि 5 दिन पहले भी इसी पशु पालक के बाड़े में घुस कर अज्ञात जानवर ने 55 भेड़ों को मार डाला था, जिससे उसे 5 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ था।
पशुपालक सतपाल ने बताया कि 29 नवंबर को हुई घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से वह हर समय अपने रेवड़ के पास ही रहता था। मंगलवार को रात 10 बजे वह खाना खाने के लिए घर गया था, कुछ देर बाद वापस आया तब देखा कि रेवड़ की 10 भेड़ों को फिर से किसी जानवर ने मार डाला है। इस घटना में पशु पालक को 1 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। देखा जाए तो 5 दिन में हुई दोनों घटनाओं से पशुपालक के पूरे रेवड़ का ही सफाया हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर सुबह पशुपालन विभाग से डॉ. मनीष तथा वन विभाग से सहायक वनपाल कमलेश तथा पिलानी थाने से हेड कांस्टेबल प्रदीप खालवा जोहड़ी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
दैनिक भास्कर ने इस बारे में वन विभाग रेंजर सुमन चौधरी से बात की तो उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ये दोनों ही घटनाएं आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा की हुई प्रतीत होती हैं। घटना की पुनरावृत्ति होने की वजह से वन विभाग द्वारा जोहड़ी में घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि भेड़ों का शिकार संभवतः किसी भेड़िए द्वारा किया गया है। बीती रात हुई घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित भी हैं, और उन्होंने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है।




