चिड़ावा: शहर के सूरजगढ़ मोड़ पर आज दोपहर लगभग 2 बजकर पंद्रह मिनट पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतड़ी रोड़ फाटक की तरफ से आ रहे एक ट्रॉले ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि कार में बैठे लोगों को इस हादसे में किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रॉले ने एक फोर्च्यूनर कार को ओवरटेक करते वक्त मोड़ पर ब्रेक लगाए लेकिन गति अधिक होने कि वजह से चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार में पीछे से टक्कर मार दी।
हांलांकि टक्कर लगने से कार में बैठे लोग सुरक्षित रहे लेकिन कार का पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना से सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आपसी सहमति से ट्रॉला चालक व कार मालिक द्वारा मामला सुलझा लिया गया।





