पिलानी: कस्बे में पंचवटी के सामने बेसहारा पशु समस्या एक बार फिर खतरे की घंटी बनकर सामने आई है। रोटी खिलाने गए 65 वर्षीय उदमीराम ढिल्लों पर अचानक सांड के हमले में मौत ने क्षेत्र में दहशत और गुस्सा फैला दिया है। लोगों ने मांग की है कि रेबीज या बीमार पशुओं की पहचान समय रहते की जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
पिलानी स्थित पंचवटी क्षेत्र के सामने बनी कॉलोनी में 65 वर्षीय उदमीराम ढिल्लों रोजाना की तरह सांड और अन्य पशुओं को रोटी खिलाने पहुंचे थे। उसी दौरान एक सांड अचानक उग्र हो गया और उदमीराम ढिल्लों पर जोरदार तरीके से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। सांड रेबीज़ बिमारी से पीड़ित बताया जा रहा है।
परिवार वालों और स्थानीय निवासियों ने उदमीराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और उन्हें उपचार दिया जाने लगा। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही नगरपालिका विद्या विहार की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में भय फैला रहे सांड को नियंत्रित किया। इस कार्रवाई के दौरान हिन्दू क्रांति सेना के प्रदेश सचिव लोकेश डाडा अपनी टीम के साथ पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद लोगों ने कहा कि रेबीज से ग्रसित, घायल या उग्र पशुओं की पहचान और पकड़ तुरंत होनी चाहिए। निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के सामने स्पष्ट मांग रखी कि शहर में बेसहारा पशुओं का प्रभावी प्रबंधन हो, ताकि कोई और जान ना जाए।





