चिड़ावा: शहर में शनिवार शाम खेतड़ी रोड स्थित दिलखुश होटल के पास एक नंदी अचानक टूटे सीमेंटेड फेरोकवर के कारण नाले में गिर गया। स्थानीय दुकानदारों और गौरक्षकों की तत्परता से आखिरकार नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
शनिवार शाम करीब 7:30 बजे खेतड़ी रोड पर दिलखुश होटल के समीप दुकान के बाहर लगे सीमेंटेड फेरोकवर पर एक नंदी खड़ा था। अचानक फेरोकवर भरभराकर टूट गया और नंदी सीधे नीचे खुले नाले में जा गिरा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित हुआ।
नाले में गिरने के बाद नंदी ने आगे की ओर बने दूसरे सीमेंटेड फेरोकवर की दिशा में निकलने का प्रयास किया, लेकिन संकरे स्थान और गहराई के कारण वह नाले के भीतर ही फंस गया। काफी देर तक बाहर न निकल पाने से नंदी की हालत बिगड़ने लगी और उसकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
घटना को देखकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और तुरंत गौरक्षकों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गौरक्षक अनूप सिंह भाटी, दीपक वर्मा उर्फ बाबू, अंकित वर्मा, अजय नायक, अर्जुन नायक और संजय मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर दुकानों के बाहर लगे सीमेंटेड फेरोकवर को हटाया और नंदी को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
काफी देर तक चले प्रयास और लोगों की मदद के बाद नंदी ने खुद के बल पर नाले से बाहर निकलने में सफलता हासिल की। नंदी के सुरक्षित बाहर आने पर मौके पर मौजूद दुकानदारों, गौरक्षकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और एक बड़े हादसे के टलने पर संतोष जताया।
घटना की जानकारी मिलने पर नगरपालिका के स्टोर प्रभारी दीपक जांगिड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे और टूटे हुए फेरोकवर तथा नाले की स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने जर्जर फेरोकवरों को जल्द बदलने और नालों को सुरक्षित करने की मांग उठाई।





