चिड़ावा: कस्बे में जमीन कब्जाने के लिए की गई सुनियोजित हिंसक वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। रात करीब दो बजे JCB, ट्रैक्टर और कैंपर गाड़ियों के साथ पहुंचे आरोपियों ने चार मकानों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया था। इस गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना जगमोहन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध किया जा चुका है।
रात 2 बजे JCB और हथियारों से लैस भीड़ ने मचाया तांडव
पुलिस जांच में सामने आया है कि 13–14 दिसंबर की रात करीब दो बजे चिड़ावा में मदर लैंड स्कूल के सामने स्थित भूमि पर यह वारदात अंजाम दी गई। परिवादी मुलचंद माली अपने परिवार के साथ मकान में सो रहा था, तभी तीन JCB, चार ट्रैक्टर और कई कैंपर गाड़ियों में सवार करीब सौ लोग मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने मकान खाली करने की धमकी दी और विरोध करने पर जान से मारने की बात कही। हथियारों से लैस आरोपियों के निर्देश पर JCB चलाकर चार कमरों, लेट-बाथरूम और चारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
मकान तोड़ने के बाद लूट और तोड़फोड़, नकदी व जेवरात ले गए आरोपी
मकानों को गिराने के बाद आरोपियों ने घर के अंदर रखी पानी की मोटर, टीन, घरेलू सामान को तोड़ा और पेटी से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा महिला के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित ने इस साजिश में मोहन लाल स्वामी, सुनील कुमार और राजकुमार महला की भूमिका का भी उल्लेख किया है।
34 बीघा जमीन कब्जाने की साजिश, पुरानी लीज का खुलासा
अनुसंधान में सामने आया कि यह पूरी वारदात 34 बीघा जमीन पर कब्जा करने की नीयत से की गई। यह जमीन वर्ष 1999 में 99 साल की लीज पर ली गई थी, जिसमें से पांच बीघा पर परिवादी का मकान बना हुआ था। इसी भूमि को हड़पने के लिए आरोपियों ने भारी मशीनरी और वाहनों का इस्तेमाल कर रात के अंधेरे में हमला किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य सरगना जगमोहन गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और देवेन्द्र सिंह राजावत तथा विकास धींधवाल के सुपरविजन में आशाराम गुर्जर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पहले चरण में सात आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया, जबकि 18 दिसंबर को मुख्य सरगना जगमोहन पुत्र बीरबल, निवासी खेमू की ढाणी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जेसीबी, ट्रैक्टर और तार-पोल मशीन जब्त, तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर लोडर, ट्रैक्टर ट्रॉली, पिलर और कंटिली तार सहित अन्य सामान जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और प्रयुक्त वाहनों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है।
कानूनी धाराएं और आगे की कार्रवाई
मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





