बाल विकास विभाग में डीओ पद पर नियुक्ति का झांसा देकर ठगी, आरोपी के पास से मोटरसाइकिल बरामद
झुंझुनूं, 16 अप्रैल 2025: एक महिला ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सुनिल कुमार पुत्र बनवारीलाल, निवासी मिर्जवास (थाना बलांरा, जिला सीकर) उनके घर आया और खुद को बाल विकास विभाग से जुड़ा बताया। उसने महिला को झांसा दिया कि वह उसे बाल विकास विभाग में डी.ओ. पद पर नौकरी लगवा सकता है, लेकिन इसके बदले उसे 2 लाख रुपये देने होंगे।

महिला ने पहले 1.05 लाख रुपये उधार लेकर दिए और बाकी की 95 हजार रुपये की एफडी तुड़वाकर पूरी रकम आरोपी को सौंप दी। इतना ही नहीं, आरोपी जाते-जाते महिला की खरीदी हुई मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले गया। आरोपी ने महिला को 3 फरवरी 2025 को झुंझुनूं के बाल विकास विभाग में बुलाया और जॉइनिंग का झांसा दिया।
जब महिला तय तारीख को विभाग पहुंची तो उसे पता चला कि वहां कोई सुनिल कुमार नामक व्यक्ति नहीं है और ना ही कोई वैकेंसी। जब महिला ने आरोपी से फोन पर संपर्क किया तो उसने कहा कि उसे ना नौकरी मिलेगी और ना ही पैसे या बाइक वापस मिलेगी। साथ ही धमकी दी कि यदि रिपोर्ट की तो अपहरण कर हत्या कर देगा।
पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस थाना सदर झुंझुनूं की टीम ने जांच शुरू की। थानाधिकारी रामस्वरूप के नेतृत्व में गठित टीम—सुभाषचंद सिंहाग (सउनि), अजय कुमार (कानि 1237), विकास (कानि 1341), सुनिल (कानि 1137) और दिनेश (कानि 652)—ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी को मिर्जवास से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।

आरोपी से पूछताछ के बाद पीड़िता की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। उससे आगे की जांच जारी है। आरोपी सुनिल कुमार के विरुद्ध पहले भी गंभीर आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं




