झुंझुनूं: सिंघाना थाना पुलिस ने शनिवार को ए श्रेणी नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर जांच की तो उसमें से 9 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। गाड़ी में सवार चारों व्यक्ति इस राशि के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर ली और चारों संदिग्धों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और नोपाराम भाकर की देखरेख में थानाधिकारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में सिंघाना सर्किल पर ए श्रेणी नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर RJ 21 UC 2624) में सोना और नकद राशि ले जाई जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो को रोक लिया। तलाशी में 9.50 लाख रुपये नकद मिले। गाड़ी में बैठे लोग इस रकम के स्रोत और उपयोग के बारे में कोई दस्तावेज या तर्कसंगत जवाब नहीं दे पाए।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान एमदरजा पुत्र मोईनुद्दीन निवासी सेरणी आबाद थाना खनुखुना, जिला डीडवाना कुचामन, राकेश पुत्र मालाराम निवासी मोहब्बतसरी थाना मुकंदगढ़, मुकेश कुमार पुत्र रामकुमार निवासी कालियासर थाना मलसीसर जिला झुंझुनूं और मुस्तदीन पुत्र मोहम्मद मुंशी निवासी वार्ड नंबर 4 डीडवाना जिला डीडवाना कुचामन के रूप में हुई।
पुलिस ने नकदी जब्त कर चारों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में रकम के स्रोत को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। अब पुलिस आगे की जांच में जुटी है कि यह राशि किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी और इसका मालिक कौन है।





