Thursday, February 12, 2026
Homeजयपुरशेखावाटी को मिलेगा यमुना का पानी, 662 ऐतिहासिक हवेलियां बनेंगी पर्यटन हब,...

शेखावाटी को मिलेगा यमुना का पानी, 662 ऐतिहासिक हवेलियां बनेंगी पर्यटन हब, दो साल में लिखी विकास की नई इबारत: भजनलाल शर्मा

जयपुर/झुंझुनूं, 24 दिसंबर: राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी क्षेत्र के लिए विकास, विरासत संरक्षण और जल उपलब्धता को लेकर बड़े ऐलान किए। सीकर के रामगढ़ शेखावाटी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को अभूतपूर्व गति दी है। मुख्यमंत्री के संबोधन में यमुना जल समझौता, फिल्म पर्यटन नीति 2025, शेखावाटी हवेली संरक्षण और युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों जैसे अहम मुद्दे केंद्र में रहे।

विरासत के संरक्षण के साथ विकास का संकल्प

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत संरक्षण को समान प्राथमिकता देकर आगे बढ़ रही है। शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियां राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान हैं। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिलों की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है। इन हवेलियों को पर्यटन हब के रूप में विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, साथ ही इनके संरक्षण के लिए विशेष कानून लाने की तैयारी भी की जा रही है।

फिल्म पर्यटन नीति 2025 से शेखावाटी को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र पहले से ही फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा लोकेशन रहा है। राजस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण केंद्र बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की है। इस नीति से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

यमुना जल समझौते की डीपीआर शुरू, शेखावाटी होगी हरी-भरी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि यमुना जल समझौते की क्रियान्विति शुरू कर दी गई है और इसकी डीपीआर तैयार करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यमुना का भरपूर पानी शेखावाटी को मिलेगा, जिससे यह क्षेत्र हरित और समृद्ध बनेगा। राम जल सेतु लिंक परियोजना को भी तेज गति से धरातल पर उतारा जा रहा है।

गरीब, महिला और किसान कल्याण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। लखपति दीदी योजना के तहत 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 12 लाख से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि 5 हजार से बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये की गई है, जिससे लगभग 10 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को पहली किस्त का लाभ दिया गया है। पशुपालकों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पौष्टिक दूध उपलब्ध कराया जा रहा है।

युवाओं के लिए 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 92 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 53 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। सरकार का लक्ष्य पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का है। उन्होंने कहा कि युवा नीति लाई जा रही है, जिससे युवा रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार प्रदाता भी बन सकें।

दो साल में पिछले पांच साल से ज्यादा विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने दो वर्षों में बिजली उत्पादन क्षमता में 6,363 मेगावाट की वृद्धि की है, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने पांच साल में 3,952 मेगावाट की बढ़ोतरी की थी। गौशालाओं को दो साल में 3,433 करोड़ रुपये की सहायता दी गई, जो पिछले पांच वर्षों से अधिक है। इसी अवधि में 15,684 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ, जबकि पहले पांच साल में 13,160 किलोमीटर सड़कें बनी थीं। सिंचाई, फार्म पॉन्ड और नहरी तंत्र विस्तार में भी रिकॉर्ड कार्य किए गए हैं।

सीकर और झुंझुनूं में 539 करोड़ से अधिक के विकास कार्य

कार्यक्रम में सीकर जिले में 155 करोड़ रुपये से अधिक और झुंझुनूं जिले में 384 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इनमें रेलवे ओवरब्रिज, फोर-लेन सड़क, चिड़ावा उप जिला चिकित्सालय, नवलगढ़ सौंदर्यीकरण और आरडीएसएस योजना के तहत बिजली विकास कार्य शामिल हैं।

प्रदर्शनी अवलोकन और दिव्यांग स्कूटी वितरण

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की। इस अवसर पर प्रेम सिंह बाजौर, गोरधन, सुभाष मील, हरलाल सहारण, राजेन्द्र भांबू और राजेन्द्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!