पिलानी: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के बाद फतवा झेलने वाले ऑल इंडिया इमाम आर्गनाइजेशन के चीफ इमाम उमर अहमद इलियासी आज शेखावाटी दौरे के तहत पिलानी पहुंचे। वे यहां नरहड़ दरगाह की प्रसिद्ध हाजी शकरबार शाह दरगाह पर जियारत करने पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल मुल्क में सामाजिक सद्भाव की दुआ मांगी, बल्कि पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और विपक्ष को आईना भी दिखाया।
“मोदी सरकार से मुस्लिमों को मिला सर्वाधिक लाभ”
मीडिया से बात करते हुए इमाम इलियासी ने पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ गरीब तबके को मिला है, और दावा किया कि मुस्लिम समुदाय को इन योजनाओं से सर्वाधिक लाभ मिला है। उन्होंने विपक्ष को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका ईमानदारी से नहीं निभा रहा है। इलियासी ने कहा कि विपक्ष को केंद्र की मोदी सरकार द्वारा देशहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा भी करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि आज उन्होंने दरगाह शरीफ में देश के प्रधानमंत्री के लिए लंबी उम्र की दुआ की है।
राम मंदिर और फतवे पर कायम है रुख
इलियासी ने स्पष्ट किया कि वे हमेशा सामाजिक सद्भाव के पक्षधर रहे हैं और कट्टरपंथी सोच के खिलाफ रहे हैं। गौरतलब है कि जनवरी 2024 में अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उमर अहमद इलियासी के शामिल होने के बाद उनके खिलाफ कट्टरपंथी मुस्लिम संगठनों ने फतवा जारी कर दिया था। समारोह के बाद उन्हें धमकी भरे कॉल भी आए थे। हालांकि, इलियासी अपनी कट्टरपंथ विरोधी मुखरता और इंसानियत व भाईचारे को प्राथमिकता देने वाले रुख पर कायम हैं।
दरगाह में दुआ और भव्य स्वागत
इलियासी के नरहड़ दरगाह पहुंचने पर उनका ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इस स्वागत समारोह में शाहिद पठान, दरगाह फाउंडेशन के निदेशक शाहिद-शमीम पठान, करीम पीरजी, अमजद पठान, रफीक पीरजी, सलीम पीरजी, असलम पठान, सुमेर रणवा, कल्लु पीरजी, सिराज अली, मकबूल खान, हाफिज, पियूष चतुर्वेदी, लतीफ पठान, मुन्ना जयपुरी, अजीज कुरैशी, महमूद नुआ, मुस्ताक खान, फरदीन खान मालीगाँव, जुबेर पठान, नदीम पीरजी और जंगशेर खान समेत कई लोग मौजूद रहे। इलियासी ने दरगाह में चादर पेश की और मुल्क की सलामती व सामाजिक सद्भाव की दुआ मांगी। दरगाह के वरिष्ठ खादिम अजीज पठान ने इलियासी की दस्तारबंधी भी की। इस मौके पर 150 जरूरतमंद लोगों को आटे के पैकेट भी बांटे गए।





